- बेंगलुरु में महाराष्ट्र के एक RTO अधिकारी प्रसाद शिवदास नलवाड़े को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है.
- धमकी देने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और नलवाडे की ओर से की जा रही एक जांच पर सवाल उठाए .
- नलवाड़े ने इस धमकी को अपनी सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का प्रयास बताया और पुलिस को सूचना दी.
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के आरटीओ अधिकारी को फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. धमकी भरा यह कॉल कथित तौर पर खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाले शख्स ने किया. इस संबंध में सोलदेवनहल्ली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रसाद शिवदास नलवाड़े महाराष्ट्र के ठाणे जिले में आरटीओ अधिकारी के पद पर तैनात हैं. 12 अप्रैल को वह बेंगलुरु के गुनी अग्रहारा स्थित अशोक राइजिंग स्टार क्रिकेट ग्राउंड में एक रोड सेफ्टी कार्यक्रम और क्रिकेट इवेंट में शामिल होने आए थे. इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया.
आरोपी ने खुद को बताया बिश्नोई गैंग का सदस्य
एफआईआर के मुताबिक, कॉल करने वाले ने हिंदी में बात की और खुद को “बिश्नोई गैंग” का सदस्य बताया. आरोपी ने मीरा भायंदर क्षेत्र में ऑटो रिक्शा परमिट संबंधी नलवाडे की ओर से की जा रही जांच पर सवाल उठाए और उन पर कुछ एजेंटों को कथित तौर पर संरक्षण देते हुए ड्राइवरों को परेशान करने का आरोप लगाया. हालांकि जब आरटीओ अधिकारी ने आरोपी से ऑफिस आने के लिए कहा तो उसने इनकार कर दिया और धमकी देने लगा.
आरोपी ने अधिकारी को 'सुरक्षा बढ़ाने' की चेतावनी दी और दावा किया कि उसके बारे में जानकारी दिल्ली पहुंच चुकी है. उसने नलवाड़े के रहने की जगह से संबंधित जानकारियों का जिक्र करते हुए परमिट जांच से जुड़े फैसले बदलने का दबाव भी बनाया. करीब तीन मिनट तक चली इस बातचीत के बाद कॉल अचानक कट गया.
सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने की कोशिश का आरोप
शिकायतकर्ता का मानना है कि यह धमकी उनकी सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के इरादे से दी गई है. शुरुआती तौर पर नलवाड़े ने महाराष्ट्र के काशीगांव पुलिस थाने में संपर्क किया था, जहां जीरो एफआईआर दर्ज कर केस को बेंगलुरु ट्रांसफर किया गया. फिलहाल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कॉलर की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया तेज कर दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं