विज्ञापन

लॉरेंस बिश्नोई का करीबी हैरी बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार, सलमान, कपिल समेत कई हस्तियों को दी थी धमकी

लॉरेंस बिश्नोई का बेहद करीबी गैंगस्टर हैरी बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है. हैरी बॉक्सर का पकड़ा जाना लॉरेंस गैंग के खिलाफ बड़ा एक्शन है. उसने सलमान खान, कपिल शर्मा समेत कई हस्तियों को धमकी दी थी.

लॉरेंस बिश्नोई का करीबी हैरी बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार, सलमान, कपिल समेत कई हस्तियों को दी थी धमकी
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी गैंगस्टर हैरी बॉक्सर.
NDTV
वॉशिंगटन:

दिवाली से पहले विदेश में बैठे एक कुख्यात गैंगस्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है. सामने आई जानकारी के अनुसार लॉरेंस बिश्नोई का करीबी हैरी बॉक्सर अमेरिका में बीती रात पकड़ा गया. स्पेशल सेल के इनपुट्स पर बीती रात अमेरिका के कैलिफोर्निया में हैरी बॉक्सर को गिरफ्तार किया गया. हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी लॉरेंस गैंग पर बड़ा चोट है. हैरी अमेरिका में बैठकर मुंबई में सलमान खान, रोहित शेट्टी जैसे सितारों को धमकी देने के साथ-साथ कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग तक करवा चुका था. हैरी मूल रूप से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर तहसील के एक छोटे से गांव चतरपुरा आढी गेली गांव का रहने वाला है. कई साल पहले वह भारत छोड़ कर भाग गया था.

हैरी बॉक्सर का असल नाम हरचंद है. उसकी बॉक्सिंग में खास रूचि थी. क्राइम की दुनिया में आने के बाद उसका नाम हैरी बॉक्सर पड़ा. उसे हरि बॉक्सर भी कहा जाता है. हैरी लारेंस बिश्नोई गैंग को अमेरिका में बैठकर ऑपरेट कर रहा था.

हैरी बॉक्सर की क्राइम कुंडलीः कब-कब चर्चाओं में आया 

  • 31 जनवरी 2026 की रात रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर फायरिंग हुई थी.
  • रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी हैरी बॉक्सर ने ली थी.
  • उसने मीडिया पोस्ट और ऑडियो के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली थी.
  • कपिल शर्मा को भी हैरी बॉक्सर ने धमकी दी थी.
  • सलमान खान की धमकी मामले में भी हैरी का नाम चर्चा में आया.
  • हैरी बॉक्सर पर हत्या, धमकी देकर रंगदारी वसूल करने के कई मामले दर्ज हैं.
  • जयपुर, अलवर, सीकर, धौलपुर और करौली सहित कई जिलों में उसके खिलाफ 10 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हुए.

बॉक्सिंग का शौक और अपराध की दुनिया

हैरी बॉक्सर पढ़ाई में सामान्य था, लेकिन खेलों में उसकी खास रुचि थी. खासकर बॉक्सिंग में. जयपुर में बॉक्सिंग की कोचिंग लेते और देते समय, वह ऐसे लोगों के संपर्क में आया जो अपराध की दुनिया से जुड़े थे. शारीरिक रूप से मजबूत और आक्रामक स्वभाव के कारण, उसे कोई भी सीधे चुनौती देने की हिम्मत नहीं करता था. लेकिन, यही ताकत और संगत उसे धीरे-धीरे अपराध की तरफ खींचने लगी.

गंभीर अपराध और पुलिस से फरारी

शुरू में हरचंद छोटे-मोटे झगड़ों और मारपीट में शामिल हुआ, लेकिन जल्द ही उसका नाम लूट, हत्या के प्रयास और गंभीर मारपीट जैसे अपराधों में आने लगा. जयपुर, अलवर, सीकर, धौलपुर और करौली सहित कई जिलों में उसके खिलाफ 10 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हुए. पुलिस का दबाव बढ़ने पर, वह 2022 में बानसूर से फरार हो गया. बाद में विदेशों से रह कर वह भारत में कई अपराध को अंजाम देने लगा. अब उसे बीती रात कैलिफोर्निया से गिरफ्तार किया गया है.

यह भी पढे़ं - पुलिस भर्ती में असफल, फिर बॉक्सर बन लॉरेंस गैंग से जुड़ा; पढ़ें कपिल शर्मा को धमकाने वाले गैंगस्टर की कहानी


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Harry Boxer, Harry Boxer News, Harry Boxer Profile, Harry Boxer Usa, Lawerence Bishnoi Gang
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com