विज्ञापन

धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर विवाद, लुधियाना में शाही इमाम ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग; माफी की मांग

लुधियाना में हनुमंत कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री कुछ ऐसा बयान दिया, जिससे नया विवाद खड़ा हो गया है. शाही इमाम उस्मान रहमानी ने माफी की मांग की है.

धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर विवाद, लुधियाना में शाही इमाम ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग; माफी की मांग
धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर लुधियाना के शाही इमाम की आपत्ति (Photo: NDTV/IANS)
  • धीरेंद्र शात्री लुधियाना में कथा करने पहुंचे थे, जहां पर उनके बयान को लेकर विवाद हो गया.
  • लुधियाना के शाही इमाम ने उनके बयान पर आपत्ति जताते हुए मीटिंग बुलाई.
  • शाही इमाम मौलाना उस्मान रहमानी लुधियानवी ने कहा- धर्म प्रचार ठीक लेकिन दूसरे धर्म पर टिप्पणी करना गलत है.
पंजाब:

पंजाब के लुधियाना में चल रही 'श्री हनुमंत कथा' के दौरान धीरेंद्र शास्त्री के बयानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री ने कथा के दौरान पंजाब में नशाखोरी और धर्मांतरण का मुद्दा उठाया. इस दौरान उन्होंने कुछ ऐसा कहा, जिस पर बवाल शुरू हो गया है. धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर लुधियाना के शाही इमाम मौलाना उस्मान रहमानी लुधियानवी सानी ने कड़ी नाराजगी जताई है. शाही इमाम ने इस मामले में इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है और धीरेंद्र शास्त्री से माफी मांगने की अपील की है. धीरेंद्र शास्त्री के बयान के बाद लुधियाना में धार्मिक और सामाजिक सद्भाव को लेकर बहस तेज हो गई है. शाही इमाम और अन्य धार्मिक प्रतिनिधियों ने उनकी टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए माफी की मांग की है.

क्यों हुआ विवाद?

धीरेंद्र शास्त्री ने कथा के दौरान कहा कि पंजाब में दो चीजें बंद होनी चाहिए. पहली नशाखोरी और दूसरी धर्मांतरण. उन्होंने सिख समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग गुरु ग्रंथ साहिब को मानते हैं, उन्हें दूसरे धर्मों के प्रभाव में आकर धर्मांतरण नहीं करना चाहिए. उन्होंने कहा कि पंजाब में धर्मांतरण नहीं होने देंगे और सिख भाइयों के साथ खड़े हैं.

इसी दौरान उन्होंने ‘भैया को सैंया' बनाने जैसी टिप्पणी की, जिसके बाद उनके बयान को लेकर विवाद शुरू हो गया. उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर इससे ज्यादा कुछ नहीं बोलेंगे, क्योंकि उन्हें एफआईआर नहीं करवानी.

शाही इमाम ने जताई कड़ी नाराजगी

धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर शाही इमाम मौलाना उस्मान रहमानी लुधियानवी सानी ने कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म का प्रचार करने से उन्हें कोई परेशानी नहीं है, लेकिन धर्म प्रचार के नाम पर दूसरे धर्मों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करना गलत है.

शाही इमाम ने कहा, "पंजाब की धरती गुरु नानक देव और बाबा फरीद की धरती है. यहां हमेशा आपसी प्रेम, भाईचारे और धार्मिक सद्भाव का संदेश दिया गया है. ऐसे में यहां आकर किसी धर्म के खिलाफ टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है."

मौलाना उस्मान रहमानी ने कहा कि लुधियाना के लोग सभी धर्मों का सम्मान करते हैं. 1947 के बंटवारे के बाद भी यहां के लोगों ने आपसी भाईचारे को बनाए रखा है. 

उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री की ओर से लुधियाना के लोगों को कथित तौर पर ‘पागल' कहे जाने पर भी नाराजगी जताई.

यह भी पढ़ें : धीरेंद्र शास्त्री के मांसाहार बयान पर गरमाई बंगाल की सियासत, बीजेपी-कांग्रेस में जुबानी जंग

दुबई और पंजाब के अब्दुल्ला को लेकर उठाए सवाल

शाही इमाम ने धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणियों पर सवाल उठाते हुए दुबई और पंजाब के अब्दुल्ला का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अगर दुबई के अब्दुल्ला से खुशबू आती है, तो पंजाब के अब्दुल्ला के प्रति नफरत का संदेश क्यों दिया जा रहा है? उन्होंने इसे दोहरे मापदंड से जोड़ते हुए कहा कि किसी शख्स को धर्म के आधार पर अलग नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए.

शाही इमाम ने चीन को लेकर धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि भारत और लुधियाना का चीन के साथ बड़ा व्यापारिक संबंध है. ऐसे में चीन को लेकर गैर-जिम्मेदाराना बयान देना ठीक नहीं है.

माफी नहीं मांगी तो पुलिस में शिकायत की चेतावनी

शाही इमाम ने धीरेंद्र शास्त्री से अपना विवादित बयान वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो वे धीरेंद्र शास्त्री और कथा के आयोजकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएंगे.

इसके अलावा, उन्होंने धार्मिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों की विशेष बैठक बुलाने की बात कही है. इस मामले में ईसाई समुदाय के प्रतिनिधियों ने भी नाराजगी जताई है और समुदाय के लोगों को एकजुट होने का आह्वान किया है.

यह भी पढ़ें : 'धीरेंद्र शास्त्री का पर्चा निकला गलत, बेटे की जगह हुई चौथी बेटी', झांसी के शख्स का दावा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab, Ludhiana, Dhirendra Shashtri, Shahi Imam, Dhirendra Shashtri News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com