विज्ञापन

होशियारपुर की सोनालिका फैक्ट्री में घुसा तेंदुआ, मचा हड़कंप, हजारों कर्मचारियों की छुट्टी!

पंजाब के होशियारपुर की सोनालिका फैक्ट्री में रात को तेंदुआ घुस गया, जिससे वहां हड़कंप मच गया. ऐसे में कर्मचारियों को फैक्‍ट्री से बाहर निकला गया और वन विभाग की टीम को बुलाया गया, ताकि तेंदुए को रेस्‍क्‍यू किया जा सके.

रात भर सोनालिका फैक्ट्री में छिपा रहा तेंदुआ, सुबह खुला राज तो होशियारपुर में मचा हड़कंप
  • होशियारपुर स्थित सोनालिका इंटरनेशनल फैक्ट्री में एक तेंदुआ मशीनों के बीच छिपा मिला जिससे कर्मचारी दहशत में
  • तेंदुए के फैक्ट्री परिसर में होने की सूचना पर कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर छुट्टी दे दी गई
  • वन विभाग और पुलिस की टीमें ड्रोन और कैमरों की मदद से तेंदुए की लोकेशन पता लगाने

सुबह-सुबह फैक्ट्री खुली तो ट्रैक्टर नहीं, तेंदुआ निकला! पंजाब के होशियारपुर की मशहूर सोनालिका इंटरनेशनल फैक्ट्री में ऐसा मंजर देखने को मिला कि बड़े-बड़े इंजीनियर और मजदूर भी दहशत में आ गए. रात के अंधेरे में चुपके से एक तेंदुआ फैक्ट्री कम्‍पाउंड में घुस गया और फिर वहीं छिपकर बैठ गया. सुबह जब कर्मचारियों को पता चला कि फैक्ट्री के अंदर ट्रैक्टर बनाने वाली मशीनों के बीच खूंखार तेंदुआ घूम रहा है, तो हड़कंप मच गया. आनन-फानन में कंपनी प्रबंधन ने बड़ा फैसला लिया. सुरक्षा के मद्देनजर सभी कर्मचारियों और स्टाफ को छुट्टी देकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. 

मशीनों के बीच छिपा बैठा था तेंदुआ

सोनालिका फैक्‍ट्री का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुआ घूमते हुए नजर आ रहा है. उधर, कर्मचारियों को छुट्टी देने के बाद फैक्ट्री में सन्नाटा छा गया, मशीनें थम गईं, लेकिन बाहर पुलिस, वन विभाग और लोगों की भीड़ जुट गई. बताया जा रहा है कि तेंदुआ बीती रात से ही फैक्ट्री परिसर के अंदर मौजूद है. सोनालिका के कर्मचारी अतुल शर्मा ने बताया कि रात से ही तेंदुआ अंदर है. फैक्ट्री में भारी मशीनरी और बड़ी संख्या में उपकरण लगे होने के कारण तेंदुए की सही लोकेशन का पता लगाने में टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. 

ड्रोन से तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश

सोचिए, जहां दिन-रात ट्रैक्टर बनते हैं, लोहे की आवाज गूंजती है, वहां अब एक तेंदुआ मशीनों के बीच छिपकर बैठा है. कभी इस मशीन के पीछे, कभी उस गोदाम में. वन विभाग की टीमों को उसे ढूंढने में पसीने छूट रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और कंपनी प्रबंधन हरकत में आ गया. वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है. फैक्ट्री के गेट बंद कर दिए गए हैं. ड्रोन और कैमरों से भी तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश हो रही है.

ये भी पढ़ें :- गांव में तेंदुए ने मचाया ऐसा कोहराम, आधा दर्जन लोगों को किया लहुलुहान; रोंगटे खड़े कर देगा यह खौफनाक वीडियो

फैक्‍ट्री में कैसे घुसा तेंदुआ...? 

तेंदुआ फैक्‍ट्री में कैसे घुसा इसे लेकर भी अलग-अलग बातें की जा रही हैं. कोई कह रहा है कि तेंदुआ पास के जंगल से भटककर आ गया, तो कोई कह रहा है रात में कुत्तों के पीछे-पीछे फैक्ट्री में घुस गया. लेकिन सवाल यही है कि इतनी बड़ी फैक्ट्री में तेंदुआ घुसा कैसे? सुरक्षा में चूक कहां हुई? फिलहाल वन विभाग की टीमों का एक ही मकसद है - तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित पकड़ना और उसे वापस जंगल में छोड़ना. कर्मचारियों की छुट्टी कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान से बचा जा सके. अब सबकी नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं. क्या तेंदुआ जल्द पकड़ में आएगा? क्या फैक्ट्री कल से फिर शुरू होगी? 

ये भी पढ़ें :- गुजरात में तेंदुओं का आतंक! 12 साल की बच्ची को 60 मीटर तक घसीटा, ऐसे बची मासूम की जान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Leopard, Sonalika, Hoshiarpur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com