विज्ञापन

गुजरात में तेंदुओं का आतंक! 12 साल की बच्ची को 60 मीटर तक घसीटा, ऐसे बची मासूम की जान

गुजरात के नवसारी में तेंदुए ने 12 साल की बच्ची पर हमला कर उसे 60 मीटर तक घसीटा. गले में गंभीर चोटें आई हैं. दो महीने में यह तीसरी घटना है.

गुजरात में तेंदुओं का आतंक! 12 साल की बच्ची को 60 मीटर तक घसीटा, ऐसे बची मासूम की जान
गुजरात के नवसारी में तेंदुओं का आंतक.
Representational Image/File
नवसारी:

गुजरात में तेंदुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है. वांसदा के केलकच्छ गांव में 12 साल की बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया. तेंदुआ बच्ची को करीब 50-60 मीटर तक घसीटकर ले गया. पेड़ में फंसने से बच्ची की जान बच गई. बच्ची के गले में गंभीर चोटें आई हैं और उसका अस्पताल में इलाज जारी है. नवसारी जिले के वांसदा तालुका में के केलकच्छ गांव में घर से बाहर नहाने जा रही महज 12 साल की बच्ची पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया. हमले के बाद तेंदुआ बच्ची को करीब 50 से 60 मीटर तक घसीटकर ले गया. हालांकि, गनीमत रही कि बच्ची एक पेड़ में फंस गई, जिसके चलते तेंदुआ उसे आगे नहीं ले जा सका और मासूम की जान बच गई. इस हमले में बच्ची के गले पर गंभीर चोटें आई हैं. उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.

कैसे हुआ हमला?

वांसदा तालुका के केलकच्छ गांव के उपला फलिया में रहने वाली 12 साल की बच्ची निधि हसमुखभाई पटेल शाम करीब सात बजे घर से बाहर नहाने के लिए जा रही थी. इसी दौरान अंधेरे में अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया. हमले के बाद तेंदुआ बच्ची को अपने जबड़े में दबाकर करीब 50 से 60 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. इसी बीच बच्ची एक पेड़ में फंस गई, जिसके कारण तेंदुआ उसे आगे नहीं खींच सका. इस तरह बच्ची की जान बाल-बाल बच गई.

परिजनों ने तुरंत बच्ची को वांसदा अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया.

हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर ही वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया था. इसके बावजूद तेंदुए ने बच्ची पर हमला कर दिया.

नवसारी जिले के बीजेपी महामंत्री लोचन शास्त्री ने कहा, "सबसे चिंताजनक बात यह है कि पिछले दो महीनों में वांसदा तालुका में बच्चों पर तेंदुए के हमले की यह तीसरी घटना है. लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. अब ग्रामीणों के मन में एक ही सवाल है कि आखिर वन विभाग कब इस तेंदुए को पकड़कर लोगों को भयमुक्त करेगा? क्षेत्र में तेंदुए के आतंक पर लगाम लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग तेज हो रही है."

(रिपोर्ट- परिमल मकवाणा)

यह भी पढ़ें | उत्तर प्रदेश में इंसानों-जानवरों के बीच क्यों बढ़ रहा टकराव? मुरादाबाद-बिजनौर में बार-बार दिखे तेंदुए

यह भी पढ़ें | मुरादाबाद में तेंदुओं का आतंक जारी: एक महीने में 12वां तेंदुआ पकड़ा गया, ग्रामीणों में दहशत बरकरार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarat, Gujara Leopard Attack, Leopard Attack, Navsari District, Human Wildlife Conflict
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com