यूपी के कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के करनखेड़ा गांव में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सरसों के खेत से निकले एक तेंदुए ने खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों पर हमला कर दिया. दोपहर करीब 12 बजे हुए इस हमले में 9 लोग घायल हो गए. घटना का एक चौंकाने वाला लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक डंडा लेकर तेंदुए का सामना करता दिखाई देता है. इसी दौरान तेंदुआ लंबी छलांग लगाकर उस पर झपट पड़ता है, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो जाता है.
मदारपुर निवासी मोहित शर्मा ने बताया कि वह खेत में गोभी काट रहे थे, तभी अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले तेंदुआ एक बच्ची पर भी हमला कर चुका था. खेतों में मौजूद करनखेड़ा गांव के कई लोग इस हमले की चपेट में आ गए. घटना के बाद दहशत और गुस्से में ग्रामीणों ने तेंदुए को घेरने की कोशिश की, लेकिन वह सरसों और अन्य घनी फसलों के खेतों में जाकर छिप गया.
घायलों में हरिराम निषाद (40) पुत्र गिलगिल, रामकेश निषाद (18) पुत्र गिलगिल, बुद्धि निषाद (50) पुत्र लालजी निवासी करनखेड़ा, मोहित विश्वकर्मा (18) पुत्र अरविंद विश्वकर्मा निवासी मदारपुर और साहिल पुत्र बबलू निवासी सिखटिया शामिल हैं. साहिल अपनी मौसी के घर करनखेड़ा आया हुआ था. इसके अलावा दो अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. साहिल को गंभीर चोटें आई हैं.
ग्रामीणों की सूचना पर शेखपुर चौकी प्रभारी अनुज पटेल और डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. फिलहाल महाराजपुर पुलिस और वन विभाग की टीम संयुक्त रूप से इलाके में कांबिंग अभियान चला रही है. तेंदुए के सरसों के खेत में छिपे होने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. वन विभाग उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए क्षेत्र में कई स्थानों पर पिंजरे लगाने की तैयारी कर रहा है. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है.
ये भी पढ़ें : बीजेपी जैसी मशीन से लड़ना है, जीत के लिए होता है अलायंस... कांग्रेस से डील पर क्या बोले अखिलेश यादव?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं