- मथुरा, अयोध्या और काशी के मंदिरों को बम धमाकों से उड़ाने की धमकी मिलने पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं
- धमकी भरे ई-मेल में 8 से 27 नवंबर के बीच धमाके करने की चेतावनी दी गई है
- खालिस्तान नेशनल आर्मी की तरफ से धमकी वाला ई-मेल भेजे जाने का दावा किया गया है
दिवाली के मौके पर उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक शहर मथुरा, अयोध्या और काशी के मंदिरों को बम धमाकों से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं. धमकी भरे ई-मेल में 8 नवंबर से 27 नवंबर के बीच धमाके किए जाने की बात कही गई है. साथ ही दिवाली वाले दिन सुबह 9:11 से 11:11 बजे के बीच मंदिर में धमाका करने की चेतावनी दी गई है. स्कूलों को भी धमकी भरे मेल भेजे गए हैं. इसके अलावा पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों को भी बम और आईईडी धमाकों से उड़ाने की धमकी दी गई है.
यूपी के मंदिरों को बम से उड़ाने की धमकी
धमकी भरा ई-मेल कथित तौर पर 'खालिस्तान नेशनल आर्मी'आतंकी संगठन से जुड़े इंजीनियर गुरुनख सिंह, रौनक शाहवाला और डॉ. गुरुनिरवर सिंह खानरजादा की ओर से भेजे जाने का दावा किया गया है. हालांकि, ई-मेल में किए गए दावों और इसके पीछे बताए जा रहे लोगों की भूमिका की अभी जांच की जा रही है.
ई-मेलई भेजने वालों की ATS कर रही जांच
इस धमकी वाले ईमेल की साइबर सेल और यूपी एटीएस ने जांच शुरू कर दी है. एजेंसियां ई-मेल के स्रोत, तकनीकी साक्ष्यों और इसे भेजने वालों की पहचान खंगाल रही हैं. मंदिरों, स्कूलों और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई जा रही है.फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी के पीछे वास्तव में किसी आतंकी नेटवर्क का हाथ है या दहशत फैलाने की कोशिश की गई है.
मथुरा, अयोध्या, काशी के मंदिरों की सुरक्षा सख्त
धमकी मिलने के बाद मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि और रेलवे स्टेशन के साथ ही वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर समेत अयोध्या और काशी के मंदिरों की सुरक्षा सख्त कर दी गई है. जगह-जगह पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है. वहीं बम निरोधक व श्वान दस्ता जांच भी तेज कर दी गई है. साइबर सेल भी पूरी तरह से एक्टिव हो गया है.
ये भी पढ़ें-अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को बम की धमकी, 27 नवंबर तक होगा हमला, मुंबई मेयर को मिला मेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं