भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 27 नवंबर से एक दिसंबर के बीच क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा. जहां भारतीय टीम की कोशिश रहेगी कि वह यह मुकाबला जीतकर सीरीज को 1-0 के साथ अपने नाम करे. पिछले मुकाबले में कुछ खिलाड़ियों का प्रदर्शन औसत दर्जे का रहा था. खासकर गेंदबाजों का. उम्मीद जताई जा रही है दूसरे टेस्ट मुकाबले में उनका पत्ता कट सकता है. क्राइस्टचर्च टेस्ट का रोमांच शुरू हो, उससे पहले बात करें भारतीय टीम दूसरे टेस्ट मुकाबले में किन 11 धुरंधरों के साथ मैदान में उतर सकती है, तो उनके नाम कुछ इस प्रकार हैं-
यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल करेंगे पारी का आगाज
अगर चोट या कोई अन्य बड़ी समस्या बांधा नहीं बनती है तो यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल एक बार फिर से पारी का आगाज करते हुए नजर आ सकते हैं. हाल के सालों में एक साथ शिरकत करते हुए दोनों बल्लेबाजों ने सराहनीय प्रदर्शन किया है. पिछले मुकाबले में भी दोनों बल्लेबाजों का बल्ला खूब चला था. पारी का आगाज करते हुए यशस्वी जायसवाल (85) अर्धशतक लगाने में कामयाब हुए थे. वहीं केएल राहुल ने 136 रनों की शतकीय पारी खेली थी.
पडिक्कल, कैप्टन गिल, पंत और जुरेल के कंधों पर रहेगा मध्य क्रम का भार
मध्य क्रम का भार देवदत्त पडिक्कल, कैप्टन शुभमन गिल, ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल के कंधों पर रहेगा. पिछले मुकाबले में इन बल्लेबाजों ने अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया था. तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए देवदत्त पडिक्कल 175 गेंदों में 80 रन बनाने में कामयाब हुए थे. वहीं चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कैप्टन शुभमन गिल ने 146 गेंदों में 98 रनों का योगदान दिया था.
वेलिंगटन टेस्ट में ऋषभ पंत का बल्ला भी खूब चला था. पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 153 गेंदों में 128 रनों की शतकीय पारी खेली थी. ध्रुव जुरेल ने भी पहले टेस्ट में खूब चमक बिखेरी थी. सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए वह 79 गेंद में 98.73 की स्ट्राइक रेट से 78 रन बनाने में कामयाब हुए थे.
वॉशिंगटन सुंदर और अंशुल कंबोज को ऑलराउंडर के तौर पर मिल सकता है मौका
दूसरे टेस्ट मुकाबले में भी ऑलराउंडर के तौर पर वॉशिंगटन सुंदर और अंशुल कंबोज शिरकत करते हुए नजर आ सकते हैं. पिछले मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने अपने ऑलराउंड खेल से हर किसी को प्रभावित किया था. सुंदर ने बल्लेबाजी के दौरान 26 गेंदों में तेजी से 24 रन बनाए थे. इसके अलावा उनके खाते में एक विकेट भी आया था.
वहीं अंशुल कंबोज ने बल्लेबाजी के दौरान 42 गेंदों में 38 रनों का योगदान दिया था. वहीं गेंदबाजी के दौरान दोनों पारियों में मिलाकर तीन सफलता प्राप्त करने में कामयाब हुए थे.
मुख्य पेस तिकड़ी होंगे बुमराह, सिराज और आकाश
मुख्य पेस तिकड़ी के रूप में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और आकाश दीप को मौका मिल सकता है. बुमराह ने पहले टेस्ट में पांच विकेट लिए थे. वहीं दीप के खाते में तीन विकेट आए थे. मोहम्मद सिराज की जगह पर प्रसिद्ध कृष्णा को मौका मिला था, जो कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे. जिसके बाद उम्मीद जताई जा रही है कि दूसरे टेस्ट मुकाबले में सिराज की फिर से वापसी हो सकती है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, अंशुल कंबोज, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज.
यह भी पढ़ें- IND vs NZ: हेनरी-बुमराह नंबर- 1, राहुल नंबर- 3, पंत नंबर- 4, भारत-न्यूजीलैंड पहले टेस्ट के बाद टॉप-5 बल्लेबाज-गेंदबाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं