विज्ञापन

केतन हत्याकांड: मंगेतर की 'विग और हकलाने' वाली थ्योरी पर भड़के पिता, बोले- वो ना कह सकती थी

केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस की 'विग और रूप-रंग' वाली थ्योरी को मृतक के पिता विशाल अग्रवाल ने खारिज कर दिया है. पिता का कहना है कि अगर मंगेतर सिया को कोई आपत्ति थी तो वह शादी से मना कर सकती थी, हत्या के पीछे कोई बड़ी साजिश और अन्य लोग शामिल हैं.

केतन हत्याकांड: मंगेतर की 'विग और हकलाने' वाली थ्योरी पर भड़के पिता, बोले- वो ना कह सकती थी

Ketan Murder Case: महाराष्‍ट्र के पुणे में चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है,उसमें रोज नए खुलासे हो रहे हैं. अब इस पूरे मामले पर मृतक केतन के पिता विशाल अग्रवाल का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने पुलिस जांच में सामने आ रही उस थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया है कि केतन के लुक और उनके 'हेयर विग' के कारण उनकी मंगेतर इस शादी से नाखुश थी और इसी वजह से हत्या की गई.

पिता ने इसे एक बेहद मामूली वजह बताते हुए इसके पीछे किसी गहरी और बड़ी साजिश की आशंका जताई है. पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि मेडिकल कारणों की वजह से केतन के सिर के एक छोटे से हिस्से में बाल झड़ने की समस्या थी. यह बात रिश्ता पक्का होने से बहुत पहले ही सिया और उसके परिवार को साफ तौर पर बता दी गई थी. पिता ने बेहद भावुक लहजे में कहा कि अगर सिया को केतन के लुक या विग से सच में कोई दिक्कत थी, तो वह इस शादी के लिए सीधे 'ना' कह सकती थी. 

क्या है पुलिस की 'विग और हकलाहट' वाली थ्योरी?

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी और केतन की मंगेतर सिया गोयल इस शादी से खुश नहीं थी. वह केतन के रूप-रंग और शारीरिक बनावट को नापसंद करती थी. जांच में सामने आया कि केतन के सिर पर विग होने और बात करते समय हकलाने की वजह से सिया के मन में उसके प्रति नफरत बैठ चुकी थी. पुलिस का मानना है कि इसी निजी खुन्नस और तनाव के चलते सिया ने अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची.

पिता का पलटवार: बात छिपाई नहीं गई थी, तो कत्ल क्यों?

बेटे की शारीरिक बनावट को लेकर आ रही खबरों पर केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने खुलकर बात की. उन्होंने स्पष्ट किया कि मेडिकल कारणों से केतन के सिर पर एक छोटा सा पैच (बाल झड़ने की जगह) था, और यह बात शादी तय होने से बहुत पहले ही लड़की वालों को साफ-साफ बता दी गई थी. बेहद भावुक और गुस्से में विशाल अग्रवाल ने कहा कि "अगर सिया को मेरे बेटे के लुक या विग से इतनी ही दिक्कत थी, तो वह सीधे शादी के लिए मना कर सकती थी! रिश्ता तोड़ना एक आसान रास्ता था, लेकिन इसके लिए किसी का कत्ल कर देना? यह बात गले नहीं उतरती."

गहरी साजिश की आशंका

अग्रवाल परिवार का मानना है कि हत्या की इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह इतनी मामूली नहीं हो सकती. पिता ने आशंका जताई है कि इस पूरे मामले के पीछे कोई गहरी साजिश है और मुमकिन है कि सिया और चेतन के अलावा कुछ और लोग भी इस हत्याकांड में शामिल हों. फिलहाल, पुलिस दोनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू को खंगालने में जुटी है.

ये भी पढ़ें: सिया-चेतन से उतरा प्यार का बुखार, केतन मर्डर केस में एक-दूसरे को ठहरा रहे कसूरवार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pune, Maharashtra, Ketan Murder Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com