विज्ञापन

राहुल-प्रियंका को धमकी, वायनाड को बना देंगे अमेठी, अगर केरलम के सीएम बने केसी वेणुगोपाल

केरलम में अगले मुख्यमंत्री को लेकर घमासान मचा हुआ है. इस बीच वायनाड में राहुल-प्रियंका को धमकी देते हुए कुछ पोस्टर लगाए गए हैं. इसमें धमकी दी गई है कि अगर केसी वेणुगोपाल सीएम बनते हैं तो वायनाड को अगला अमेठी बना देंगे.

राहुल-प्रियंका को धमकी, वायनाड को बना देंगे अमेठी, अगर केरलम के सीएम बने केसी वेणुगोपाल
  • केरलम विधानसभा चुनाव के नतीजे आए लगभग एक हफ्ता हो गया है लेकिन मुख्यमंत्री के नाम पर अभी तक फैसला नहीं हुआ है
  • मुख्यमंत्री पद के लिए केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्नीथला के बीच खींचतान चल रही है
  • वायनाड में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को धमकी भरे पोस्टर जिला कांग्रेस कार्यालय में लगाए गए हैं

केरलम में विधानसभा चुनाव के नतीजे आए हफ्ताभर से ज्यादा हो गया है लेकिन मुख्यमंत्री कौन होगा? इसकी तस्वीर अब तक साफ नहीं हो पाई है. केरलम में मुख्यमंत्री पद को लेकर तीन दावेदार हैं और तीनों के साथ कांग्रेस हाईकमान बैठक कर रहा है लेकिन एक नाम को लेकर अब तक एक राय नहीं बन सकी है. इस बीच वायनाड में कुछ पोस्टर लगे हैं, जिसमें सीधे तौर पर राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी को धमकी दी गई है. इसमें धमकी देते हुए लिखा है कि अगर केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो वायनाड को अगला अमेठी बना देंगे.

हैरान करने वाली बात ये है कि ये पोस्टर कहीं और नहीं, बल्कि जिला कांग्रेस के दफ्तर में लगाए गए हैं. इनमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को सीधी-सीधी धमकी दी गई है.

इनमें से एक पोस्टर में लिखा है- 'वायनाड अगला अमेठी होगा'. कुछ पोस्टरों में 'राहुल और प्रियंका वायनाड को भूल गए हैं. आप यहां से दोबारा नहीं जीतेंगे' और 'राहुल जी, केसी शायद आपका बैग उठाते होंगे लेकिन केरल के लोग आपको कभी माफ नहीं करेंगे' लिखा है.

एक पोस्टर में तो सीधे-सीधे ये लिखा है- 'RG और PG, ये चेतावनी नहीं है. केरल आपको इस भयानक भूल के लिए कभी माफ नहीं करेगा.'

कहां फंस रहा है मामला?

केरलम में 4 मई को चुनाव नतीजे आए थे. इसमें कांग्रेस की अगुवाई वाले यूडीएफ ने 140 में से 102 सीटें जीती थीं. लेकिन अब तक मुख्यमंत्री के नाम को लेकर फैसला नहीं हो पाया है.

सत्ता के लिए केरलम कांग्रेस के तीन नेताओं के बीच खींचतान चल रही है. इनमें केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्नीथला हैं. मंगलवार को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने केरलम कांग्रेस के नेताओं के साथ बातचीत की थी लेकिन फैसला नहीं हो पाया.

हालांकि, माना जा रहा है कि जैसे-जैसे बातचीत आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे वेणुगोपाल की स्थिति मजबूत होती जा रही है. कांग्रेस के 50 से भी ज्यादा विधायक वेणुगोपाल के समर्थन में हैं. 

लेकिन यहीं मामला फंस गया है. जहां एक ओर यह माना जाता है कि वेणुगोपाल को राहुल गांधी और केंद्रीय नेतृत्व का पूरा भरोसा हासिल है, वहीं दूसरी ओर सतीशन पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता के एक तबके के बीच भावनात्मक रूप से ज्‍यादा लोकप्रिय बनकर उभरे हैं. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerala CM, Keralam CM Post, Rahul Gandhi, Priyanka Gandhi, Wayanad
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com