- केरल में भगवान कृष्ण के अपमानजनक चित्रण के आरोप में रेस्टोरेंट मालिक गिरफ्तार किए गए हैं
- विवादित ग्रीटिंग कार्ड में भगवान कृष्ण को चिकन मंडी के साथ दिखाने पर हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया था
- पुलिस ने आरोपी अरशद के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के तहत मामला दर्ज
केरल के अलाप्पुझा जिले के चेर्थला में एक रेस्टोरेंट मालिक को भगवान कृष्ण के अपमानजनक चित्रण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. मामला 'विशु' त्योहार के मौके पर जारी किए गए एक ग्रीटिंग कार्ड से जुड़ा है, जिसमें भगवान कृष्ण को 'चिकन मंडी' (एक प्रसिद्ध अरबी डिश) के साथ दिखाया गया था. इस तस्वीर के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 'मेहर मंडी एंड ग्रिल्स' के मालिक अरशद को हिरासत में ले लिया.
कील एम.वी. बीजू ने दर्ज करवाई एफआईआर
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की उन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जो सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से किए गए कृत्यों से संबंधित हैं. कानून के मुताबिक, इस अपराध में दोषी पाए जाने पर एक साल तक की कैद हो सकती है. घटना की शिकायत थन्नीमुक्कम के एक वकील एम.वी. बीजू ने दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि शाकाहार और पवित्रता से जुड़े देवता को मांस के साथ दिखाना करोड़ों भक्तों की आस्था का अपमान है.
इंस्टाग्राम के जरिए सार्वजनिक माफी मांगी
विवाद बढ़ता देख रेस्टोरेंट के पार्टनर शमीर ने इंस्टाग्राम के जरिए सार्वजनिक माफी भी मांगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पोस्टर जानबूझकर पोस्ट नहीं किया गया था, बल्कि एक निजी ग्रुप में हुई गलतफहमी के कारण गलती से साझा हो गया. उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करना नहीं था और वे इसके लिए बिना शर्त माफी मांगते हैं. हालांकि, इस स्पष्टीकरण के बावजूद तनाव कम नहीं हुआ है और विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने रेस्टोरेंट के बाहर विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है. फिलहाल पुलिस क्षेत्र में शांति बनाए रखने की कोशिश कर रही है.
-अश्विन नंदकुमार की रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं