विज्ञापन

क्यों 10 महीने बाद कब्र से निकालकर हुआ 4 महीने की बच्ची के शव का पोस्टमार्टम, मां की मौत से कनेक्शन 

इस मामले में अदालत की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची का शव कब्र से निकलवाया. त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने पोस्टमार्टम किया.

क्यों 10 महीने बाद कब्र से निकालकर हुआ 4 महीने की बच्ची के शव का पोस्टमार्टम, मां की मौत से कनेक्शन 
केरल में मां की मौत की जांच के लिए नवजात बच्ची का शव कब्र से निकाला गया.

केरल के त्रिशूर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. 37 वर्षीय महिला मुहसीना की मौत की जांच के दौरान पुलिस ने उसकी नवजात बच्ची का शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि मां और बच्ची की मौत के पीछे कोई लापरवाही या अन्य गंभीर कारण तो नहीं था.

पुलिस के अनुसार मुहसीना और इब्राहिम की बेटी का जन्म इसी साल 6 जनवरी को हुआ था. जन्म के चार दिन बाद 10 जनवरी को बच्ची की मौत हो गई थी. इसके बाद उसे चावक्काड स्थित एडक्काझियूर जुमा मस्जिद कब्रिस्तान में दफना दिया गया था.

पति पर गंभीर आरोप

मामले ने तब नया मोड़ लिया जब मार्च 2026 में मुहसीना की मौत हो गई. पुलिस ने उसके पति इब्राहिम को गिरफ्तार किया है. इब्राहिम पेशे से एक्यूपंक्चर चिकित्सक बताया जा रहा है.आरोप है कि उसने मुहसीना को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा नहीं लेने दी और घर पर ही प्रसव कराने के लिए मजबूर किया. पुलिस का कहना है कि प्रसव भी कथित तौर पर इब्राहिम ने खुद कराया था.

परिवार ने लगाए घरेलू हिंसा के आरोप

मुहसीना के परिजनों का आरोप है कि उसे लंबे समय से घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ रहा था. परिवार का दावा है कि उसकी कुल आठ बार गर्भावस्था हुई थी, जिनमें से केवल चार बच्चे ही जीवित बच पाए. आरोप यह भी है कि ज्यादातर प्रसव घर पर ही कराए गए थे.

कड़ी सुरक्षा में हुआ पोस्टमार्टम

अदालत की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची का शव कब्र से निकलवाया. त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने पोस्टमार्टम किया. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे.

पोस्टमार्टम के बाद बच्ची के शव को उसी स्थान पर दोबारा दफना दिया गया. अब पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है. अधिकारियों का कहना है कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी.

यह भी पढ़ें- जयपुर:  बेटी से गैंगरेप केस में समझौते का दबाव, नहीं माने तो पिता को मारकर फंदे के लटकाया 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerala News, Kerala Police, Domestic Violence
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com