विज्ञापन

'इजरायल के साथ अच्छे संबंध हैं', वाले बयान पर घिरे राहुल गांधी, लेफ्ट ने याद दिलाई नेहरू की विरासत

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीते दिनों अमेरिका के शिकागो में इजरायल के साथ अच्छे संबंध की वकालत की. राहुल गांधी से इस बयान से उनके सहयोगी दलों के नेता सवाल उठा रहे हैं. केरल के पूर्व सीएम पिनराई विजयन सहित अन्य नेताओं ने राहुल के बयान की आलोचना की है.

'इजरायल के साथ अच्छे संबंध हैं', वाले बयान पर घिरे राहुल गांधी, लेफ्ट ने याद दिलाई नेहरू की विरासत
अमेरिका के शिकागो यूनिर्वसिटी में राहुल गांधी.
NDTV
  • राहुल गांधी ने इजरायल के साथ अच्छे संबंधों को सकारात्मक बताया और हथियार खरीदने की बात कही है.
  • केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने राहुल गांधी के बयान को कांग्रेस के पाखंड के रूप में उजागर किया है.
  • पिनराई विजयन ने कहा कि राहुल गांधी का रुख नेहरू की विरासत और भारत के पारंपरिक फिलिस्तीन समर्थन के खिलाफ है.
नई दिल्ली:

राहुल गांधी के इजरायल के साथ अच्छे संबंध रखने को अच्छी बात कहा जाना लेफ्ट के दलों को नागवार गुजरा है. केरल के पूर्व सीएम पिनराई विजयन ने खुद एक्स पर पोस्ट कर निशाना साधा है. उन्होंने राहुल गांधी को पूर्व पीएम पंडित नेहरू की विरासत याद दिलाई है. इसके अलावा इजरायल को लेकर भारत का पुराना रुख भी बताया है. उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी का यह बयान फिलिस्तीन को लेकर कांग्रेस के ढोंग को उजागर करता है. राहुल गांधी का यह बयान नेहरू की उस विरासत को नजरअंदाज करता है, जिसमें भारत मजबूती के साथ फिलिस्तीन के संघर्ष में खड़ा रहा था.

इजरायल पर राहुल गांधी ने क्या कहा है? 

दरअसल राहुल गांधी ने कहा था कि इजरायल के साथ हमारे संबंध हैं और यह अच्छी बात है. उनका कहना था, 'इजरायल के साथ हमारे अच्छे संबंध हैं. हम उनसे हथियार ख़रीदते हैं. ये अच्छी बात है. भारत इजरायल से बड़ा है. हमारी विदेश नीति इस पर निर्भर होनी चाहिए कि हमारे लिए क्या अच्छा है. मैंने अक्टूबर की घटना की निंदा की थी. ये ख़ौफ़नाक था. मैंने उस बात की भी निंदा की जो इज़रायल ने गाजा में किया. दोनों घटनाओं के लिए किसी को बख्शा नहीं जा सकता.' 

इस तरह राहुल गांधी ने इजरायल की ओर से गाजा पर किए हमले को लेकर नरम शब्द बोले थे, जबकि सोनिया गांधी और प्रियंका तो गाजा पर हमलों को नरसंहार बताती रही हैं.

राहुल के बयान पर पिनराई विजयन बोले- कांग्रेस का पाखंड उजागर

इजरायल पर राहुल गांधी के बयान को लेकर केरल के पूर्व सीएम पिनराई विजयन ने एक्स पोस्ट में लिखा- शिकागो विश्वविद्यालय में राहुल गांधी की टिप्पणियां फिलिस्तीन के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी के घोर पाखंड को उजागर करती हैं. ऐसे समय में जब गाजा हमारे दौर के सबसे विनाशकारी नरसंहारों में से एक का सामना कर रहा है, जिसमें हजारों मासूम बच्चे भी मारे गए हैं, राहुल गांधी खुले तौर पर इजरायल के साथ मजबूत संबंधों और उस देश से हथियार खरीदने की वकालत करते हैं जो इन हत्याओं के लिए जिम्मेदार है.

'जब मानवता ही दांव पर लगी हो तो संतुलन नहीं बन सकता'

उन्होंने आगे लिखा कि इस भीषण त्रासदी के बीच कूटनीतिक संतुलन बनाने की उनकी कोशिश को किसी भी तरह सही नहीं ठहराया जा सकता. उनका साम्राज्यवादी-समर्थक रुख नेहरू की उस विरासत को भी कमजोर करता है, जिनकी विदेश नीति साम्राज्यवाद के सख्त खिलाफ थी और फिलिस्तीनी संघर्ष के साथ एकजुटता रखती थी. जब मानवता ही दांव पर लगी हो, तो कोई संतुलन नहीं बनाया जा सकता.

दीपांकर भट्टाचार्य ने भी उठाए सवाल

केरल के पूर्व सीएम के अलावा एक अन्य सहयोगी CPI(ML) लिबरेशन ने भारत और इजराइल के संबंधों को खत्म करने की मांग की है. CPI(ML) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने इजरायल को "नरसंहार करने वाला शासन" करार देते हुए कहा कि ऐसे देश के साथ कोई रणनीतिक संबंध नहीं हो सकता, जो "दुनिया भर की निंदा के बावजूद बच्चों, महिलाओं और आम लोगों का नरसंहार" कर रहा हो.

यह भी पढ़ें - राहुल गांधी से पाकिस्तानी स्टूडेंट ने पूछा कब बैठकर बात करेंगे भारत-पाकिस्तान, नेता विपक्ष ने दिया तीखा जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Rahul Gandhi News, Israel, Rahul Gandhi On Israel, Pinarayi Vijayan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com