- उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर की एक दुकान में आग लगने से छह लाख रुपये से अधिक नकदी जल गई
- आग सुबह लगी और 100 तथा 500 रुपये के नोटों की गड्डियां धू-धूकर जल गईं, जिससे दुकानदार को भारी नुकसान हुआ
- बैंकों की छुट्टी होने की वजह से नकदी दुकान में ही रखी हुई थी
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर की एक दुकान में आग लगने से अंदर रखीं नोटों की गड्डियां जलकर राख हो गईं. इस घटना के बाद दुकानदार का बुरा हाल है. घटना काशीपुर के मंडी परिसर की एक दुकान की है. आग इतनी भीषण थी कि 500 और 100 रुपये के नोटों के बंडल धू-धूकर जल गए. घटना मंगलवार सुबह हुई. दुकान में रखी 6 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी पूरी तरह स्वाहा हो गई. आग बुझने के बाद दुकान में जली हुई नोटों की गड्डियां बिखरी पड़ी दिखाई दीं.

ये आग यावली ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ी दुकान में लगी थी. दुकान मालिक ने बताया कि आग लगने से दुकान में रखे सामान के साथ ही छह लाख रुपये से अधिक की 100 ओर 500 के नोटों की गड्डिया भी जल गईं. बैंकों की छुट्टी होने की वजह से ये रकम दुकान में ही रखी हुई थी. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने तुरंग आग बुझानी शुरू की. फिलहाल आग लगने का स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है.

धू-धूकर जलीं नोटों की गड्डियां
काशीपुर दमकल विभाग के एफएसओ श्याम सुस्याल ने बताया कि सीसीआर के माध्यम से सूचना मिली थी कि मुरादाबाद रोड फल मंडी में एक दुकान में आग लगी है. तत्काल एक फायर यूनिट रवाना की गई. मौके पर पहुंचकर देखा तो एक दुकान धू-धू कर जल रही थी.यह दुकान साजिद खान की थी. समय रहते ही टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे आसपास की और दुकानें जलने से बच गईं. साजिद खान ने बताया कि दुकान की आग में कुछ नगदी भी जली है,इसका पूरा ब्यौरा पूरी डिटेल मिलने के बाद ही दिया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें-रूस में बड़ा विमान हादसा: प्लेन में लगी आग, क्रैश होते ही कई टुकड़ों में बंटा; 19 लोगों की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं