- उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 में कुल 65 लाख 65 हजार 197 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया
- बद्रीनाथ धाम में सबसे अधिक 23 लाख 49 हजार 345 श्रद्धालुओं ने यात्रा सत्र के दौरान दर्शन किए
- चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 2022 से लगातार बढ़कर 2026 में 65 लाख से अधिक हो गई
उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 इस बार कई मायनों में खास रही. यात्रा समाप्त होने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बना दिया है. इस वर्ष बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कुल 65 लाख 65 हजार 197 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. यह आंकड़ा पिछले वर्ष 2025 की तुलना में करीब 15 लाख अधिक है. बढ़ती सुविधाओं और बेहतर व्यवस्थाओं के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारधाम पहुंचे.
बद्रीनाथ में सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे
चारों धामों में सबसे अधिक श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचे. यहां पूरे यात्रा सत्र के दौरान 23 लाख 49 हजार 345 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. वहीं केदारनाथ धाम में 19 लाख 33 हजार 138 श्रद्धालु पहुंचे. यमुनोत्री धाम में 8 लाख 84 हजार 841 और गंगोत्री धाम में 10 लाख 7 हजार 177 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. इसके अलावा सिखों के पवित्र तीर्थ श्री हेमकुंड साहिब में भी 3 लाख 90 हजार 696 श्रद्धालु पहुंचे.
पिछले वर्षों की तुलना में बड़ी बढ़ोतरी
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. वर्ष 2022 में करीब 46 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे. वर्ष 2023 में यह संख्या बढ़कर 56 लाख हुई. वर्ष 2024 में 48 लाख के आसपास श्रद्धालु दर्शन के लिए आए. वर्ष 2025 में 51 लाख 60 हजार श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 65 लाख से अधिक हो गया. इससे साफ है कि चारधाम यात्रा के प्रति लोगों की आस्था लगातार मजबूत हो रही है.
बेहतर सड़कें और सुविधाएं बनीं बड़ी वजह
विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, रहने और खाने की सुविधाओं में सुधार तथा यात्रा प्रबंधन ने बड़ी भूमिका निभाई. यात्रा के लिए विभिन्न स्थानों पर पंजीकरण केंद्र बनाए गए. साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी कई बार श्रद्धालुओं के लिए खोली गई. इससे देशभर से बड़ी संख्या में लोगों को यात्रा में शामिल होने का अवसर मिला. चारधाम यात्रा 2026 के दौरान कुल 6 लाख 71 हजार 748 वाहन पहाड़ी क्षेत्रों में पहुंचे. इससे यात्रा मार्गों पर गतिविधियां भी बढ़ीं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिला.
स्वास्थ्य कारणों से 289 श्रद्धालुओं की मौत
यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण 289 श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई. इनमें बद्रीनाथ में 87, केदारनाथ में 142, यमुनोत्री में 38 और गंगोत्री में 21 श्रद्धालुओं की जान गई. इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं के कारण बद्रीनाथ में 1 और केदारनाथ में 7 श्रद्धालुओं की मृत्यु दर्ज की गई.
अब शीतकालीन स्थलों पर होंगे दर्शन
चारधाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं. गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर, केदारनाथ और यमुनोत्री के कपाट 11 नवंबर तथा बद्रीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद हुए. अब अगले वर्ष 2027 में अप्रैल या मई में यात्रा दोबारा शुरू होगी.
इस बीच श्रद्धालु शीतकालीन गद्दी स्थलों पर दर्शन कर सकेंगे. भगवान बद्री विशाल के दर्शन जोशीमठ के नरसिंह मंदिर और पांडुकेश्वर में होंगे. बाबा केदारनाथ के दर्शन ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में किए जा सकेंगे. मां यमुना के दर्शन खरसाली और मां गंगा के दर्शन मुखवा में होंगे.
यह भी पढ़ें | चारधाम यात्रा: केदारनाथ में टूटे दर्शन के सारे रिकॉर्ड, कपाट बंद होने के साथ ही 19 लाख भक्तों ने टेका मत्था
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं