विज्ञापन
This Article is From May 13, 2023

कर्नाटक में कायम रही 38 सालों की परंपरा, कांग्रेस को मिला प्रचंड बहुमत; चुनाव नतीजों की 10 बातें

Karnataka Elections Result 2023: कर्नाटक में कांग्रेस को 137 सीटों पर विजय हासिल हुई है. बहुमत का आंकड़ा 113 है. 65 सीटें जीतने के बाद बीजेपी ने चुनाव में हार मान ली है.

वोटर्स ने कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिया है, जिसके बाद कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है.
नई दिल्ली:
  1. कांग्रेस ने चुनाव में 137 सीटें जीती हैं. बीजेपी को 65 सीटें मिली हैं. जेडीएस के खाते में 19 सीटें गई हैं. अन्य के हिस्से में 3 सीटें आई हैं.
  2. कर्नाटक चुनाव में बीजेपी की हार की जिम्मेदारी लेते हुए बसवराज बोम्मई ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा. बोम्मई ने कहा कि उनकी पार्टी इस हार के कारणों की समीक्षा करेगी.
  3. राहुल गांधी ने कहा, 'हम गरीबों के मुद्दे पर लड़े. हमने मोहब्बत से प्यार से यह लड़ाई लड़ी. कर्नाटक की जनता ने हमें दिखाया कि मोहब्बत इस देश को अच्छी लगती है. कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हुआ है. मोहब्बत की दुकानें खुली हैं. यह सबकी जीत है. यह कर्नाटक की जनता की जीत है.  
  4. कांग्रेस की प्रचंड जीत के बाद बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा- 'बीजेपी हमें ताना मारती थी कि हम कांग्रेस मुक्त भारत बनाएंगे. अब यह सच्चाई है कि बीजेपी मुक्त दक्षिण भारत हो चुका है. राज्य की जनता ने फैसला किया और हमें 137 सीटें मिलीं. 36 साल बाद हमारी बड़ी जीत हुई है.
  5. कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार कनकपुरा सीट पर जीत गए हैं. वहीं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई शिगगांव से जीत हासिल कर ली है. 
  6. कर्नाटक विधानसभा सीट की महत्वपूर्ण सीटों में शुमार चन्नापटना सीट से जेडीएस प्रमुख एचडी कुमारस्वामी ने जीत हासिल की है. बीजेपी उम्मीदवार सीपी योगेश्वर को यहां हार का सामना करना पड़ा है. इस सीट पर 2018 में जेडीएस के कुमारस्वामी ने जीत हासिल की थी. 
  7. बीजेपी से बगावत करना पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार को भारी पड़ा है. जगदीश शेट्टार हुबली धारवाड़ सेंट्रल सीट से चुनाव हार गए हैं. उन्हें बीजेपी के महेश टेंगीनकई ने बड़े अंतर से हराया है.
  8. चुनाव में बोम्मई और उनके 11 मंत्री जीते, 11 मंत्री हार गए. कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए भी यह बेहद अहम चुनाव था. करीब 4 दशक बाद किसी अध्यक्ष को अपने गृह नगर में जीत हासिल हुई है. इस एकतरफा जीत से पार्टी में उनका कद बढ़ेगा.
  9. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की जीत जनता की जीत है. जनता ने एक भ्रष्ट सरकार को हराया है. हमें आगे बहुत कुछ करना है. हमें वादे निभाने हैं, हमारी 5 गारंटी हम पूरी करेंगे.
  10. कांग्रेस नेता सिद्धारमैया वरुणा सीटे से जीत गए हैं. उन्होंने कहा कि इस चुनाव का परिणाम लोकसभा चुनाव की एक सीढ़ी है. मुझे उम्मीद है कि सभी गैर-भाजपा दल एक साथ आएंगे. मुझे उम्मीद है कि राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बन सकते हैं.
  11. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियांक खरगे चित्तपुर सीट से जीत गए हैं. उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी को अपशब्द कहे थे. जिसके लिए चुनाव आयोग में शिकायत भी की गई थी.
  12. राहुल की भारत जोड़ो यात्रा कर्नाटक में 21 दिन चली, 7 जिलों से गुजरी. इन जिलों में 48 विधानसभा सीटें हैं. इनमें से 32 सीटें कांग्रेस ने जीत ली है. 2018 के विधानसभा चुनाव में इन सात जिलों में कांग्रेस 15 सीटें जीत पाई थी. बीजेपी ने 17, जेडीएस ने 14 और बाकी बची 2 सीट अन्य के पास थी.
  13. कर्नाटक की 224 सीटों के लिए 10 मई को वोटिंग हुई थी. 2,615 उम्मीदवारों के लिए 5.13 करोड़ मतदाताओं ने वोट डाले. चुनाव आयोग के मुताबिक, कर्नाटक में 73.19% मतदान हुआ. यह 1957 के बाद राज्य के चुनावी इतिहास में सबसे ज्यादा रहा.


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Karnataka Assembly Election 2023, Karnataka Assembly Election Result 2023, BJP, Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com