नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को एक अहम पैगाम दिया. ऐसे वक्त में जब दुनिया के कई हिस्से युद्ध, तनाव और अस्थिरता की आग में झुलस रहे हैं, प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव और सभ्यताओं के बीच संवाद है. उन्होंने जोर देकर कहा कि जियो-पॉलिटिकल सीमाएं लोगों को बांट सकती हैं, लेकिन संस्कृति, विचार और मानवीय रिश्ते पूरी दुनिया को जोड़ने की ताकत रखते हैं.
पहले SCO Civilisational Dialogue Forum के उद्घाटन अवसर पर पीएम मोदी ने भारत आए सभी मेहमानों का स्वागत किया और कहा कि दुनिया में इस समय युद्ध और अशांति की चर्चा छाई हुई है, लेकिन भारत में सभ्यताओं के संवाद और सांस्कृतिक जुड़ाव पर विमर्श हो रहा है. उनके मुताबिक, यही वह राह है जो दुनिया को स्थायी शांति की ओर ले जा सकती है.
Today, we have more opportunities than ever before. Twenty-first-century technology has created new possibilities for cultural connectivity around the world. People from countries that once required our ancestors to travel for months can now connect within seconds. Digital platforms have made knowledge sharing, cultural exchange, and international collaboration easier than ever before. SCO countries should take full advantage of these new possibilities. - PM @narendramodi
— BJP (@BJP4India) November 20, 2026
'प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश भी झलकता'
प्रधानमंत्री ने कहा कि पुराना किला जैसी प्राचीन धरोहर में आयोजित यह कार्यक्रम केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता के साझा मूल्यों का उत्सव है. उन्होंने वेद मंत्रों के ऊर्जावान पाठ, बौद्ध दर्शन की प्रस्तुतियों और हनुमान जी की यात्रा पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि इनमें भारत की समृद्ध संस्कृति के साथ-साथ प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश भी झलकता है. ये विचार जितने प्राचीन हैं, उतने ही सार्वभौमिक भी हैं और आज के दौर में पहले से कहीं ज्यादा प्रासंगिक हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि विद्वानों के अनुसार पुराना किला का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा माना जाता है. उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि साम्राज्यों ने दुनिया के नक्शे बदले होंगे, लेकिन सभ्यताओं के बीच संवाद ने दुनिया की सोच बदली है और उसे समृद्ध बनाया है. इसी वजह से SCO Civilisational Summit केवल एक औपचारिक मंच नहीं, बल्कि विश्व को नई दिशा देने वाला मंच बन सकता है.
प्राचीन व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र कर क्या बोले पीएम मोदी?
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने प्राचीन व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि करीब 5,000 साल पहले सिंधु घाटी सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक रिश्ते थे. समय के साथ ये संपर्क मार्ग और विस्तृत हुए, जिससे भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के कई क्षेत्र एक-दूसरे से जुड़े. इन रास्तों पर केवल व्यापारी ही नहीं चलते थे, बल्कि विद्वान, संत और बौद्ध भिक्षु भी यात्रा करते थे. इसी आवागमन ने विचारों, भाषाओं, ज्ञान और परंपराओं के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया इंटरनेशनल कोलैबोरेशन और पीपल-टू-पीपल कनेक्ट की बात करती है, जबकि हमारे पूर्वज सदियों पहले इस सोच को जी चुके थे. उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक चुनौतियों के बीच सभ्यताओं के बीच संवाद, सांस्कृतिक रिश्तों की मजबूती और लोगों के बीच भरोसे का निर्माण पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है.
यह भी पढ़ें: PM मोदी के लखनऊ दौरे से पहले हाई अलर्ट, 735 होटल-अपार्टमेंट की जांच; 4,433 लोगों से पूछताछ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं