दिल्ली-एनसीआर में रक्षाबंधन के मौके पर गाड़ियां सड़कों पर रेंगने को मजबूर हैं. जो ट्रैफिक की स्थिति गुरुवार रात को शुरू हुई, वो आज शुक्रवार सुबह से भी जस की तस बनी हुई है. त्योहार के मौके पर घर जाने को निकली लोगों की भीड़ ने जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम लगा दिया है. बात चाहे कालिंदी कुंज की हो, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे की या फिर गुरुग्राम की, हालात ऐसे बने हुए हैं कि लोग एक ही जगह पर कई घंटों से फंसे हुए हैं. भारी पुलिस फोर्स तैनात है, जगह-जगह गाड़ियों को दूसरी जगह डायवर्ड किया जा रहा है.
सोशल मीडिया पर कालिंदी कुंज के कई वीडियो वायरल हैं जहां कई घंटों से गाड़ियों का रेला लगा हुआ है. लोग निकले तो अपने परिवार वालों के घर जाने के लिए थे, लेकिन इस लंबे ट्रैफिक जाम की वजह से व्यवस्था चरमरा गई है. गुरुवार रात को गाजियाबाद में तो हालात और ज्यादा खराब थे. बात चाहे एनएच 24 की हो, ताज हाइवे की हो, सेक्टर 62 की हो या फिर अंबेडकर नगर रोड की, कई सालों बाद इतना लंबा जाम लगा कि लोग आठ-आठ घंटे तक फंसे रह गए.
#WATCH | Delhi: Traffic snarl in the Kalindi Kunj area as people head out to celebrate Raksha Bandhan with their loved ones. pic.twitter.com/zWDPRnEdn7
— ANI (@ANI) August 28, 2026
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने राखी के मौके पर महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा का ऐलान किया था. उसका असर भी तमाम बस अड्डो पर देखने को मिला. लोगों की भीड़ इतनी ज्यादा थी कि वो बसों की छत तक पर चढ़कर गए हैं. तमाम मेट्रो स्टेशनों पर भी स्थिति काफी खराब रही. बोटैनिकल मेट्रो स्टेशन पर तो लोगों का ऐसा हुजूम रहा कि कई मेट्रो मिस करने के बाद भी उन्हें ट्रेन में चढ़ने का मौका नहीं मिल पाया. पहाड़ी राज्यों में भी ट्रैफिक जाम से बुरा हाल है.
नैनिताल के हल्द्वानी के कई वीडियो सामने आए हैं जहां गाड़ियों की लंबी कतारें देखने को मिल गई हैं. असल में त्योहार का वक्त तो रहा ही, इसके अलावा खराब मौसम की वजह से भी लोग अपने चार पहिया वाहन पर ही बाहर निकलें. उस वजह से सड़कों पर लंबा जाम लग गया और उसे खोलने में प्रशासन के काफी पसीने छूटे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं