राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आज (15 अक्टूबर 2026) को मौसम ने अचानक करवट ली है. दिनभर बादल छाए रहे, ठंडी हवाएं चलीं और कई इलाकों में हुई बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी है. इससे लोगों को हल्की ठंडक का अहसास हो रहा है. अब आपने मन में यही सवाल होगा कि कल यानी 16 अक्टूबर को मौसम का मिजाज कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार, आज 15 अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे देश से विदा हो गया है. इसके साथ ही, दक्षिण भारत के कई राज्यों जैसे तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और केरल में उत्तर-पूर्वी मानसून ने दस्तक दे दी है. इस वजह से इन राज्यों में बारिश हो रही है.
Rain and thundershowers with strong gusty winds are likely across Delhi-NCR today, with another spell expected around midnight. Temperatures may dip below 20°C, while the weekend is likely to remain mostly dry. #Skymet #DelhiRains https://t.co/vdeHbFg95L
— Skymet (@SkymetWeather) October 15, 2026
दिल्ली-NCR में कल कैसा रहेगा मौसम?
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में 16 अक्टूबर को भी आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. सुबह से लेकर दोपहर के बीच कई जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है और कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान के साथ बिजली भी कड़क सकती है.
हालांकि कल भी तापमान सामान्य से कम रहेगा.
उत्तर प्रदेश का मौसम अपडेट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लिए भी पूर्वानुमान जारी किया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 अक्टूबर को कई इलाकों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है. हालांकि, 16 अक्टूबर को यहां मौसम लगभग शुष्क हो जाएगा और सिर्फ कुछ जगहों पर ही छिटपुट बारिश की संभावना है.
वहीं पूर्वी UP में 16 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन इसके बाद मौसम के साफ रहने की उम्मीद है.
बिहार में मौसम बदलेगा?
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 16 अक्टूबर को बिहार में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. यहां बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है और आने वाले सप्ताह में भी मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है.

उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया है कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पंजाब और आसपास के इलाकों पर सक्रिय है. इसके असर से उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में यह बदलाव आया है.
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई थी. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई थी.
इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी, लेकिन हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है.
यह भी पढ़ें: नोएडा में बड़ा हादसा टला: तेज आंधी में गिरी निर्माणाधीन बिल्डिंग की शटरिंग, 14 गाड़ियां क्षतिग्रस्त- PHOTOS
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं