- देश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव शुरू हो गया है, उत्तर भारत में ठंड और कोहरा महसूस हो रहा है.
- 10 नवंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे बारिश और बर्फबारी संभव है.
- दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी और अंडमान निकोबार में भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी है.
देश के कई हिस्सों में मौसम की करवट साफ महसूस होने लगी है. उत्तर भारत में जहां सुबह और शाम हल्की ठंड और कोहरे ने दस्तक दे दी है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और कोमोरिन क्षेत्र के ऊपर बने चक्रवाती तूफान और एक नए पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते अगले कुछ दिनों तक देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा.
10 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम का हाल?
कल यानी 10 नवंबर का दिन देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग मौसमी बदलावों वाला रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, 10 नवंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया 'पश्चिमी विक्षोभ' प्रवेश करने जा रहा है. इसके प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की शुरुआत हो सकती है. वहीं, दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 10 नवंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसके अलावा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 10 नवंबर को गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वोत्तर के राज्यों में, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कल आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-NCR में भी गिरेगा दिन का पारा
राजधानी दिल्ली और आसपास के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 10 नवंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह के समय ज्यादातर इलाकों में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है. दिन में अधिकतम तापमान 27°C से 29°C के बीच रहने की उम्मीद है, जो सामान्य से 1.6°C से 3.0°C तक कम रहेगा. वहीं न्यूनतम तापमान 14°C से 16°C के आसपास दर्ज किया जा सकता है. दिन के समय 5 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हवाएं चलेंगी.
वहीं, दिल्ली में इस साल दीपावली के दिन पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक प्रदूषण दर्ज किया गया और इस दिन औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 376 रहा. दीपावली के अगले दिन सोमवार सुबह 10 बजे एक्यूआई 371 दर्ज किया गया, जो 2021 के बाद दीपावली के अगले दिन का प्रदूषण का सबसे अधिक स्तर है. इस दौरान पूरी दिल्ली धुंध और कोहरे की चादर में लिपटी रही. आंकड़े दर्ज करने वाले 51 निगरानी केंद्रों में से 14 में वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में रही, चार केंद्रों में 'खराब' और शेष 33 केंद्रों में 'बेहद खराब' दर्ज की गई. दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) में सबसे अधिक 439 एक्यूआई दर्ज किया गया. इससे पहले सुबह आठ बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 370 था.
पहाड़ों पर बर्फबारी, दक्षिण में सावधान रहने की सलाह
मौसम विभाग ने बताया है कि 10 नवंबर से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर 12 और 13 नवंबर को सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा, जब कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है. मौसम विभाग ने तमिलनाडु और केरल के किसानों को पकी हुई फसलों को सुरक्षित रखने, खेतों में जल निकासी दुरुस्त करने और मछुआरों को 10 नवंबर को बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी म्यांमार तट व अंडमान सागर की ओर न जाने की हिदायत दी है. मध्य और पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा.
ये भी पढ़ें : पहले मजबूत करेंगे कांग्रेस का 'हाथ', फिर लेंगे साइकिल का साथ; राहुल गांधी ने प्रियंका को दी यूपी की कमान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं