नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार के तीसरे चरण का काम भी तेजी से किया जा रहा है. इसके लिए जमीन अधिग्रहण का काम भी तेज गति से चल रहा है. जेवर एयरपोर्ट के तीसरे चरण के विस्तार में 2 रनवे और एक सिविल एविएशन इंडस्ट्री बनाए जाने की योजना है. नोएडा एयरपोर्ट के तीसरे चरण के लिए लगभग 12 हजार किसानों की जमीन को अधिग्रहण किया जा रहा है, इनमें से आधे से ज्यादा किसानों को उनकी जमीन का मुआवजा भी दिया जा चुका है.
8000 किसानों को दिया गया मुआवजा
गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के विस्तार के तीसरे चरण के लिए 2,053 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है. यह जमीन कुल 12000 किसानों की है. गौतम बुद्ध नगर के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट बच्चू सिंह ने बताया, 'नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे चरण में जमीन के लिए 8000 किसानों को पहले ही 5500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है.' अधिकारियों ने बताया कि बाकी 4000 किसानों को मुआवजा जल्द ही दो चरणों में दिया जाएगा.
किस-किस गांव की जमीन का किया जा रहा अधिग्रहण
एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट बच्चू सिंह ने बताया, "4000 किसानों का जमीन का मुआवजा देने के बाद जिला प्रशासन जमीन का कब्जा लेगा और उसे सिविल एविएशन डिपार्टमेंट को सौंप देगा. प्रोजेक्ट के इस चरण में दो रनवे और एक सिविल एविएशन इंडस्ट्री बनाई जाएगी. यह जमीन कई गांवों में फैली हुई है, जिनमें नीमका शाहजहांपुर, ख्वाजापुर, परोही, किशोरपुर, बनवारीबांस, जेवर बांगर, मुकीमपुर शिवारा, सबूता, अहमदपुर चावरोली, दयानतपुर, रोही, बांकापुर, थोरा और रामनेर शामिल हैं.
नोएडा एयरपोर्ट पर कब शुरू होगा कमर्शियल ऑपरेशन?
प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, इस प्रोजेक्ट में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी भी शामिल हैं. अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के पहले दो चरणों के लिए जमीन पहले ही हासिल की जा चुकी है. पहले चरण में 1,334 हेक्टेयर और दूसरे चरण के लिए 1365 हेक्टेयर जमीन ली गई है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहले चरण का कमर्शियल ऑपरेशन 15 जून से शुरू हो गया है.
ये भी पढ़ें:- नोएडा से लखनऊ डेढ़ घंटे में, रेल मंत्री ने हाईस्पीड कॉरिडोर का बताया पूरा प्लान, NCR में नमो भारत के बाद नई सौगात
बनेगा देश का सबसे बड़ा सिविल एविएशन हब
नोएडा एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के इस चरण में दो रनवे और एयरक्राफ्ट की देखरेख और मरम्मत के लिए एक एविएशन इंडस्ट्री बनाई जाएगी. सिविल एविएशन डिपार्टमेंट और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने इसकी योजना बना ली है. यह देश का सबसे बड़ा सिविल एविएशन हब होगा. पैसेंजर और कार्गो सेवाओं के साथ-साथ, यहां एयरक्राफ्ट की मरम्मत, सिविल एविएशन इंडस्ट्री वगैरह की सुविधाएं भी होंगी. देश में अभी ऐसा कोई प्रोजेक्ट नहीं है.
ये भी पढ़ें:- गंगा एक्सप्रेसवे का नया रूट, सिर्फ 20 मिनट में सीधे नोएडा एयरपोर्ट, बुलंदशहर समेत पूरे वेस्ट यूपी को फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं