भारत और श्रीलंका के बीच खेले जाने वाले दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से हो रहा है. पहला मुकाबला 15 अगस्त से 19 अगस्त के बीच गॉल में खेला जाएगा. अहम मुकाबले से पूर्व देश के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अपना विचार साझा किया है. उनका मानना है कि पहले टेस्ट मुकाबले में अगर पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार होती है तो भारतीय टीम को मोहम्मद सिराज के साथ डेब्यूटेंट आकिब नबी के साथ मैदान में उतरना चाहिए. यही नहीं उन्होंने यह भी सलाह दिया है कि भारतीय टीम को पहले टेस्ट मुकाबले में तीन स्पिनर और दो तेज गेंदबाजों के संयोजन के साथ आगे बढ़ना चाहिए. टीम में दूसरे पेसर का चुनाव पिच की परिस्थितियों के मुताबिक किया जाना चाहिए.
38 वर्षीय पूर्व स्टार ने अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए कहा, 'प्लेइंग इलेवन में दो तेज गेंदबाजों में से एक गेंदबाज के तौर पर मोहम्मद सिराज का स्थान लगभग पक्का है. अगर परिस्थितियां तेज गेंदबाजों के अनुकूल हैं तो दूसरे तेज गेंदबाज के तौर पर आकिब नबी का नाम होना चाहिए. मगर विकेट सूखी नजर आती है तो प्रसिद्ध कृष्णा अपनी अतिरिक्त गति की वजह से ज्यादा उपयोगी साबित हो सकते हैं.'
उन्होंने कहा, 'बुमराह की गैरमौजूदगी में सबसे ज्यादा जिम्मेदारी सिराज के कंधों पर होगी. श्रीलंकाई परिस्थितियों को समझना आसान नहीं होता है. श्रीलंका में घास भरी हरी पिच मिलने की संभावना बहुत कम है. इसलिए मेरी नजर में तीन स्पिनर और दो तेज गेंदबाजों का संयोजन सही साबित हो सकता है.'
रहाणे ने आकिब नबी की सराहनी की
अजिंक्य रहाणे ने जम्मू कश्मीर के स्टार तेज गेंदबाज आकिब नबी की जमकर सराहना की है. उनका कहना है कि घरेलू क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए टीम में शामिल किए जाने का निर्णय बिल्कुल सही है. उन्होंने इसी साल जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफी का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. टीम के लिए उन्होंने 12.56 की औसत से 60 विकेट चटकाए थे.
नबी की तारीफ करते हुए रहाणे ने कहा, 'पिछले दो रणजी सीजन में किए गए शानदार प्रदर्शन का उन्हें इनाम मिला है. मैंने उनमें विकेट लेने की भूख देखी है. जिस तरह से गेंद उनके हाथ से निकलती है और वह क्रीज का इस्तेमाल करते हैं एवं अलग-अलग परिस्थितियों में गेंदबाजी करते हैं. वह काफी प्रभावशाली है. उनमें विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की क्षमता है. जिससे दूसरे छोर से विकेट भी आने लगते है.'
उन्होंने कहा, 'नबी के पास टीम में दोहरी भूमिका निभाने की क्षमता है. वह रन रोकने के साथ-साथ आक्रामक गेंदबाजी करते हुए विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं. पिछले दो रणजी सीजन में उन्होंने जिस तरह से गेंदबाजी की है. वह आसान नहीं है. टीम में उन्हें जब मौका मिलेगा जरूर वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे. क्योंकि घरेलू क्रिकेट में मिला अनुभव इंटरनेशनल लेवल पर काफी मददगार साबित होता है.'
यह भी पढ़ें- AUS vs BAN: मोमिनुल हक ने बदल दिया बांग्लादेश क्रिकेट का इतिहास, यह कारनामा करने वाले बने दूसरे बांग्लादेशी बल्लेबाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं