- अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका पर दिल्ली पुलिस की नजर
- एयरपोर्ट से हिरासत में लिए गए अभिजीत दीपके
- दीपके बोले- गिरफ्तारी हुई तब भी नहीं रुकेगा मार्च
राष्ट्रीय राजधानी में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार कॉजपा से जुड़े प्रमुख चेहरों अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका से बातचीत कर उन्हें प्रदर्शन से पीछे हटने या प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने के लिए कहा जाएगा. यदि वे नहीं मानते हैं तो उन्हें हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई की जा सकती है. इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
फ्लाइट में क्या हुआ?
दिल्ली पुलिस के जवान उस विमान में दाखिल हुए जिसमें 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके दिल्ली आ रहे थे. यह फ़्लाइट कुछ ही मिनट पहले IGI एयरपोर्ट पर उतरी है. अभिजीत दिपके ने दिल्ली पुलिस से कहा, 'मैं यहां गिरफ्तार होने आया हूं, मुझे गिरफ्तार कीजिए.' दिल्ली पुलिस के जवानों ने उनसे कहा, 'नहीं, यह गिरफ्तारी नहीं है. कृपया सहयोग करें.'
#WATCH | Delhi Police personnel enter the aircraft that was carrying Cockroach Janta Party (CJP) Founder Abhijeet Dipke to Delhi. The flight landed at IGI Airport a few minutes ago. "...I have come here to be arrested; arrest me," Abhijeet Dipke tells Delhi Police "No, this is not an arrest. Please cooperate," Delhi Police personnel tell him.
— ANI (@ANI) October 10, 2026
पुलिस की प्राथमिकता बातचीत, लेकिन हिरासत का विकल्प भी तैयार
दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती हैं. सूत्रों के अनुसार सबसे पहले अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका से संपर्क कर स्थिति स्पष्ट की जाएगी और उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी जाएगी. हालांकि यदि वे प्रशासनिक निर्देशों का पालन नहीं करते हैं तो पुलिस उन्हें हिरासत में ले सकती है. पुलिस ने एयरपोर्ट समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी है.
राजधानी में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के करीब 25 हजार जवान तैनात किए गए हैं. दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास को लेकर विशेष पाबंदियां लगाई गई हैं. इसके अलावा दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है.
दीपके बोले- गिरफ्तारी से नहीं डरता
शुक्रवार देर रात जारी वीडियो संदेश में अभिजीत दीपके ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उन्हें एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया जाएगा या बाद में, लेकिन वे पीछे हटने वाले नहीं हैं. उन्होंने दावा किया कि यदि उन्हें हिरासत में भी लिया जाता है तो भी प्रदर्शन जारी रहना चाहिए. दीपके ने कहा कि उनकी पार्टी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की मांग कर रही है. उन्होंने समर्थकों से बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की.
शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील
संभावित कार्रवाई की आशंका जताने के साथ ही दीपके ने समर्थकों से शांतिपूर्ण और अहिंसक तरीके से मार्च में शामिल होने की अपील की. उन्होंने यह भी कहा कि असामाजिक तत्व प्रदर्शन में घुसपैठ कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए कार्यकर्ताओं को सतर्क रहना चाहिए.
यह भी पढ़ें : CJP से दूरी बनाएं मुसलमान; मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की युवाओं से अपील, जंतर-मंतर के प्रदर्शन से दूर रहने की सलाह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं