- जम्मू के गंग्याल में डिप्टी सीएम के कॉफिले से टकराकर एक शख्स की मौत हो गई.
- वह बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है. कॉफिला वापस लौट रहा था तब यह घटना हुई है.
- हालांकि घटना के दौरान जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी कॉफिले में नहीं थे.
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के सुरक्षा काफिले में शामिल गाड़ियों की चपेट में आने से शनिवार को एक युवक की मौत हो गई. यह घटना जम्मू शहर के बाहरी इलाके गंग्याल में हुई है. हालांकि घटना के दौरान डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी कॉफिले में नहीं थे. बताया जा रहा है कि कॉफिला उन्हें छोड़कर आ रहा था. इसी दौरान रास्ते में यह घटना हुई. अधिकारियों के मुताबिक यह हादसा रात करीब 8 बजकर 55 मिनट के आसपास हुआ है. डिप्टी सीएम को उनके घर छोड़ने के बाद काफिला वापस लौट रहा था. मृतक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है.
बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला था युवक
मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी भरत कापर के तौर पर हुई है. अधिकारियों ने बताया कि वह इलाके की एक दुकान में काम करते थे और सड़क पार करते समय उन्हें टक्कर लग गई. गाड़ियों की रफ्तार तेज थी. ऐसे में अचनाक से यह घटना हुई. शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि भरत कापर को तेज रफ़्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मारी, जो डिप्टी सीएम के काफिले का हिस्सा थी. घटना के बाद तुरंत बाद गाड़ी का ड्राइवर नीचे उतरा और घायल व्यक्ति को बख्शी नगर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले का संज्ञान लिया. अधिकारियों ने बताया कि FIR दर्ज कर ली गई है और हादसे की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. इस घटना ने देर रात शहरी इलाकों में काफिले की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी थी.
मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सुरक्षा पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई. आसपास लगे सीसीटीवी की भी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ेंः लश्कर के आतंकी लतीफ भट पर ₹15 लाख का इनाम, जम्मू में लगे 'वॉन्टेड' पोस्टर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं