विज्ञापन

महाराष्ट्र: 1.25 करोड़ के जमीन सौदे में डॉक्टर की हत्या, डैम से बोरे में बंद मिला शव, दो गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 1.25 करोड़ रुपये के कृषि भूमि सौदे को लेकर हुए विवाद में डॉक्टर संजय तेली की कथित तौर पर हत्या कर दी गई. शव को बोरे में भरकर बहुला बांध में फेंक दिया गया था, जिसे मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर बरामद किया गया.

महाराष्ट्र: 1.25 करोड़ के जमीन सौदे में डॉक्टर की हत्या, डैम से बोरे में बंद मिला शव, दो गिरफ्तार
फाइल फोटो
NDTV

महाराष्ट्र के जलगांव के पाचोरा तालुका के गोराडखेडा में जमीन के आर्थिक लेन-देन को लेकर डॉ. संजय तेली नाम के एक शख्स की हत्या कर दी गई. वे 18 नवंबर से लापता थे और आज सुबह बहुला बांध से बोरे में बंद उनका शव बरामद किया गया. प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह हत्या 1 करोड़ 25 लाख रुपये के कृषि भूमि सौदे को लेकर हुई है. जमीन का सौदा कराने वाले एजेंट को 1 लाख 90 हजार रुपये कमीशन देने के बहाने डॉ. तेली को गोराडखेडा बुलाया गया था.

आखिर हुआ क्या?

विवाद के दौरान मुख्य आरोपी राहुल धर्मराज पाटील ने डॉ. तेली पर धारदार हथियार से वार कर उनकी हत्या कर दी. इसके बाद सबूत मिटाने के लिए नौकर संजय भील की मदद से शव को बोरे में भरकर बहुला बांध में फेंक दिया गया.

मोबाइल की आखिरी लोकेशन, कॉल डिटेल्स और इलाके में मिली कार के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा और पाचोरा पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल पाटील और उसके साथी संजय भील को गिरफ्तार कर लिया है.

आरोपी को 80 लाख रुपये दिए गए

डॉ. तेली के परिजनों ने दावा किया है कि जमीन के सौदे के लिए आरोपी को 80 लाख रुपये दिए जा चुके थे. परिवार ने आरोपियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है. अपर पुलिस अधीक्षक संदीप गावित ने जांच की जानकारी दी है और पाचोरा पुलिस आगे की तफ्तीश कर रही है.

यह भी पढ़ें: 8 साल के मासूम बच्चे को आवारा कुत्तों ने मार डाला, तीन बहनों का इकलौता भाई था रणजीत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jalgaon, Maharashtra, Land Deal Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com