विज्ञापन

भाजपा पार्षद के बेटे की 'कार रेसिंग' में कपल की मौत? सीसीटीवी वीडियो आया सामने, क्या बोला पीड़ित परिवार

महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव में 20 नवंबर को हुए दर्दनाक सड़क हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. वीडियो में एक तेज रफ्तार कार बाइक सवार दंपती को टक्कर मारती दिख रही है, जिसमें प्रल्हाद गायकवाड़ और उनकी पत्नी सुनीता गायकवाड़ की मौत हो गई.

भाजपा पार्षद के बेटे की 'कार रेसिंग' में कपल की मौत? सीसीटीवी वीडियो आया सामने, क्या बोला पीड़ित परिवार

महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मारी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. ये घटना 20 नवंबर का है. इस दर्दनाक हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. इसके बाद मृतकों के परिवार ने भाजपा नगरसेवक के बेटे पर गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है.

20 नवंबर की दोपहर माजलगांव के गढ़ी रोड पर हुआ यह हादसा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. पेट्रोल पंप के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद फुटेज में दिखाई देता है कि एक तेज रफ्तार कार सामने से आ रही बाइक से सीधे भिड़ जाती है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दंपती कई फीट ऊपर हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे.

इस हादसे में मंगरुल-3 निवासी प्रल्हाद गायकवाड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सुनीता गायकवाड़ ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

हादसे को लेकर कई गंभीर आरोप

घटना के बाद मृतक दंपती के तीनों बच्चों ने हादसे को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का दावा है कि भाजपा नगरसेवक दिलीप मेंडके के बेटे दक्ष मेंडके और उसके कुछ साथी कथित तौर पर कार रेसिंग कर रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई. 

परिवार का आरोप है कि जांच में 'कार रेसिंग' के पहलू को शामिल नहीं किया जा रहा, जबकि उन्होंने पुलिस को बार-बार इसकी जानकारी दी है.

मृतक के दोनों बेटों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के समय आरोपी नशे में थे, लेकिन उनका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया. परिवार का कहना है कि आरोपी कार के भीतर हथियार भी मौजूद थे. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है.

माता-पिता के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग

परिजनों ने यह सवाल भी उठाया है कि घटना के कई दिन बाद तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई. उनका आरोप है कि नगरसेवक के परिवार के राजनीतिक प्रभाव और कथित रेत माफिया से जुड़े रसूख की वजह से जांच प्रभावित हो रही है. 

परिवार ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अगर आरोपी नाबालिग हैं तो उनके माता-पिता के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. उधर, मृतक दंपती के बच्चों की शिकायत के आधार पर माजलगांव पुलिस थाने में दक्ष मेंडके के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: 1.25 करोड़ के जमीन सौदे में डॉक्टर की हत्या, डैम से बोरे में बंद मिला शव, दो गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Beed Accident, Beed Accident Cctv
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com