- आजम खान जेल से बाहर आ गए हैं, जो यूपी चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण संकेत हैं
- आजम खान सपा के संस्थापक सदस्य हैं, लेकिन अब उनकी राजनीतिक ताकत पहले जैसी नहीं मानी जाती है
- आजम खान के बयानों से मुसलमानों में एकजुटता बढ़ सकती है, लेकिन आक्रामकता से सपा को नुकसान भी हो सकता है
सपा के सीनियर नेता आजम खान जमानत पर जेल से बाहर आ गए हैं. यूपी चुनाव से कुछ महीने पहले उनका जेल से निकलना सपा के लिए टॉनिक है या फिर समीकरण उलटे पड़ सकते हैं? इसे लेकर अनुमान तेज हैं. आजम खान यूं तो सपा के संस्थापक सदस्य हैं और मुलायम सिंह यादव से लेकर अखिलेश तक के दौर में ताकतवर नेता रहे हैं. लेकिन बदलते वक्त के साथ समीकरण भी तेजी से बदले हैं. आजम खान फिलहाल सांसद या विधायक नहीं हैं. इसके अलावा पहले जैसी उनकी ताकत भी नहीं मानी जाती, जब वह बड़ी संख्या में विधानसभा के टिकट भी फाइनल करा दिया करते थे. अब मुलायम सिंह के गुजरने के साथ ही वह हैसियत नहीं रही है, लेकिन अखिलेश की सपा में भी वह प्रमुख चेहरे हैं.
कई जिलों में उनका असर भी माना जाता है. उनके बयान मुसलमानों की सपा के पक्ष में एकजुटता को बढ़ाने में भी मदद कर सकते हैं. लेकिन जानकार मानते हैं कि आजम खान के बयान दोधारी तलवार भी हैं. वह जब तक विक्टिम कार्ड चलेंगे, तब तक शायद मुसलमान ज्यादा जुड़ेंगे. लेकिन आक्रामक बयान आया या फिर योगी आदित्यनाथ जैसे नेताओं पर कोई तीखा हमला किया तो फिर पोलराइजेशन भी हो सकता है. ऐसा पोलराइजेशन सपा को ही नुकसान पहुंचाएगा. यही वजह है कि आजम खान के बयानों को लेकर सपा भी सतर्क होगी और चाहेगी कि वह संभल कर ही बोलते रहें.
अखिलेश यादव की एक मुश्किल यह भी है कि आजम खान की गैरमौजूदगी में जिन 4 मुस्लिम नेताओं का कद बढ़ा है, उनके साथ कैसे तालमेल बिठाया जाए. ऐसा तालमेल कि आजम खान भी पहले जैसा सम्मान महसूस करें और दूसरे मुस्लिम नेता भी असुरक्षित महसूस न करें. आजम खान की जेल यात्रा के दौरान एसटी हसन, इकरा हसन, मोहिबुल्लाह नदवी और जिया उर रहमान बर्क जैसे नेताओं का कद बढ़ा है. इकरा हसन, मोहिबुल्लाह और जियाउर जैसे नेता सांसद हैं. उनका बीते कुछ समय में कद भी तेजी से बढ़ा है. ऐसे में आजम खान के निकलने के बाद किसे मंच पर कितनी जगह मिलती है, यह देखने वाली बात होगी.
बता दें कि इन चारों मुस्लिम नेताओं में से किसी के भी आजम खान से बहुत अच्छे संबंध नहीं हैं. यहां तक कि 2024 के आम चुनाव से पहले एसटी हसन ने तो खुलकर आजम खान के खिलाफ बयान दिए थे. अब आजम खान लौटे भी हैं तो इनमें से कोई मुस्लिम नेता आगे बढ़कर उनके करीब जाता नहीं दिखा है. ऐसे में देखना होगा कि अखिलेश यादव मुस्लिम नेताओं के इस गुलदस्ते का कैसे प्रयोग करते हैं और अल्पसंख्यकों के वोटों की ताकत कितना बढ़ा पाते हैं. आजम खान के बयान भी अगले कुछ वक्त में उल्लेखनीय होंगे. उनके तेवर चुनाव का रुख बदलते रहे हैं, लेकिन यह जाता किसके पक्ष में है. यह भी देखने वाली बात होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं