- इंडियन कोस्ट गार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 6 मछुआरों को सुरक्षित निकाला है. यह सब समुद्र में फंसे थे.
- सोमवार की शाम को यह रेस्क्यू ऑपरेशन खराब मौसम के बीच चलाया गया था. लेकिन इसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया.
- यह मछुआरे कर्नाटक के मंगलुरु तट के पास फंस गए थे. उनकी नाव क्षतिग्रस्त हो गई थी.
कर्नाटक के मंगलूरु तट पर खराब मौसम के बीच 6 मछुआरे समुद्र में फंस गए थे. जिन्हें इंडियन कोस्ट गार्ड ने देवदूत बनकर बचाया है. बताया जा रहा है कि खराब मौसम की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन को बड़ी सावधानी से चलाया गया और सभी को सुरक्षित निकाला गया. तटरक्षक बल के मुताबिक शाम करीब चार बजे ICG के जहाज सचेत को BHF रेडियो के जरिए एक मैसेज मिला था. जो 'मंजू माथा' नाम की भारतीय मछली पकड़ने वाली नाव से भेजा गया था. खराब मौसम में यह नाव बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें पानी भी भरने लगा था. नाव पर मौजूद 6 मछुआरों ने मदद के वीएचएफ रेडियो के जरिए भेजा था. जिसके बाद इंडियन कोस्ट गार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया.
खराब मौसम में चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
मछुआरों की यह नाव सूरतकल तट से करीब 33 समुद्री मील दूर थी. ऊंची लहरों की वजह से नाव में पानी भर गया था और उसका बुनियादी ढांचा भी खराब हो गया था. इससे नाव पर सवार सभी छह मछुआरों की जान खतरे में पड़ गई थी. संदेश मिलते ही तटरक्षक बल ने अपना जहाज तुरंत मौके की ओर रवाना कर दिया. करीब 90 मिनट में जहाज संकट में फंसी नाव तक पहुंच गया. बचाव अभियान के दौरान मौसम बेहद खराब था, समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही थीं, हवा बहुत तेज चल रही थी और विजिबिलिटी भी बहुत कम थी. अंधेरा होने की वजह से अभियान और मुश्किल हो गया था. इन चुनौतियों के बावजूद तटरक्षक बल की टीम ने पूरी सावधानी और तेजी से बचाव अभियान चलाया.
Swift #SearchAndRescue by @IndiaCoastGuard Ship #Sachet off Mangaluru, saved six lives. After IFB Manju Matha suffered hull damage and flooding in rough seas on 29 Jun 26, all survivors were rescued using remote-operated lifebuoys.
— Indian Coast Guard (@IndiaCoastGuard) June 30, 2026
Survivors are being brought to #NewMangalore… pic.twitter.com/5UcZKMrY0F
मुछआरों को सुरक्षित निकाला
मछुआरों तक सुरक्षित पहुंचने के लिए विशेष रिमोट संचालित लाइफबॉय का भी इस्तेमाल किया गया. इन्हें खराब मौसम और उफनते समुद्र में बचाव कार्य के लिए तैयार किया गया है. जो इस तरह के ऑपरेशन में दक्ष होते हैं. शाम छह बजे तक सभी छह मछुआरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. किसी भी मछुआरे को चोट नहीं आई थी. बचाव के बाद आईसीजीएस समेत सभी मछुआरों को लेकर न्यू मंगलुरु बंदरगाह पहुंच रहा है. वहां उन्हें सुरक्षित उतारा जाएगा और जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी. रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद भारतीय तटरक्षक बल की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित जवानों के साहस ने सफलता पूर्वक इस ऑपरेशन को पूरा किया है.
भारतीय तटरक्षक बल ने कहा कि यह अभियान समुद्र में लोगों की जान बचाने की उसकी प्रतिबद्धता का एक और उदाहरण है. बल ने कहा कि वह अपने आदर्श वाक्य 'वयम् रक्षामः' यानि हम रक्षा करते हैं के अनुसार समुद्री क्षेत्र में लगातार निगरानी रखता है और संकट में फंसे लोगों की समय पर मदद करता है.
ये भी पढ़ेंः शुरू होने वाली है लॉन्च की उल्टी गिनती, अंतरिक्ष में जाने को तैयार भारत का पहला प्राइवेट रॉकेट 'विक्रम-1'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं