- भारतीय सेना की स्पेशल फोर्सेज के दो जवान यमुनानगर में हुए प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान शहीद हो गए
- हादसा हथनीकुंड बैराज पर यमुना नदी में तेज बहाव के कारण तकनीकी खराबी के चलते हुआ था
- पांच सैनिकों की टीम चिनूक हेलीकॉप्टर से यमुनानगर में सैन्य बोट पर कूदकर बचाव अभ्यास कर रही थी
भारतीय सेना की स्पेशल फोर्सेज 1 पैरा के दो जाबांज सैनिक शहीद हो गए. ये हरियाणा के यमुनानगर जिले में स्थित हथनीकुंड बैराज पर प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान हादसे की वजह से यमुना नदी के तेज बहाव में बह गए.
दरअसल, भारतीय सेना की 1 पैरा एसएफ के पांच सैनिकों की टीम चिनूक हेलीकॉप्टर से यमुना नदी में खड़ी एक सैन्य बोट पर कूदकर हवाई-से-जल व बाढ़-राहत बचाव अभ्यास कर रहे थे. तब वे तकनीकी खराबी आने से हादसा हो गया और दो जवान वीरगति को प्राप्त हो गए.
उत्तर प्रदेश में मिला जवान का शव
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथनीकुंड बैराज के पास यमुना नदी में सेना की एक नाव पलटने के बाद लापता हुए दो जवानों के शव बरामद कर लिए गए हैं. मंगलवार शाम बैराज में संयुक्त जल प्रशिक्षण के दौरान नाव पलटने के बाद से दोनों जवान लापता हो गए थे. जिसके बाद उनकी तलाश में खोज अभियान शुरू किया गया.
दूसरे जवान का शव जींद की हांसी नहर में मिला
प्रताप नगर थाना प्रभारी रोहताश ने बताया कि'एक जवान का शव बुधवार शाम बैराज से करीब 10-15 किलोमीटर नीचे की ओर उत्तर प्रदेश की सीमा से बरामद किया गया. जबकि गुरुवार को एक अन्य जवान का शव बैराज से 150 किलोमीटर से अधिक दूर जींद जिले की हांसी शाखा नहर में मिला है. थाना प्रभारी ने बताया कि खोज अभियान के तहत एक बड़े इलाके को तलाशी ली गई जिसमें सेना के गोताखोरों, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों, जिला प्रशासन के कर्मियों और निजी गोताखोरों ने अपनी सेवाएं दीं.
🇮🇳 Tribute to Martyr Naik Ajay Kumar
— DD NEWS JAMMU | डीडी न्यूज़ जम्मू (@ddnews_jammu) September 4, 2026
Akhnoor's brave son, Naik Ajay Kumar, Para Commando, was accorded full military honours at Rakhi Mutthi, Jammu, as the nation paid tribute to his supreme sacrifice.
His valour, dedication and service to the nation will forever be remembered.… pic.twitter.com/dPCiVaSLuD
बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार नाव एक सितंबर को हथिनीकुंड बैराज में संयुक्त जल प्रशिक्षण के दौरान पानी के तेज बहाव में फंस जाने के बाद बैराज के नीचे की ओर बहने लगी. टीम ने नाव को वापस निकालने के लिए तुरंत प्रयास किए. हालांकि, नाव जल निकासी द्वार के आसपास तेज भंवर में फंस गई और पलट गई। इसके कारण उसमें सवार जवान तेज बहाव में बह गए और चालक दल के दो सदस्य लापता हो गए. इसके बाद सेना, वायुसेना, स्थानीय पुलिस और नागरिक प्रशासन की संयुक्त टीम ने लापता जवानों की तलाश और बचाव अभियान चलाया गया.

भारतीय सेना के पैरा कमांडो नायक अजय कुमार को जम्मू के राखी मुट्ठी में पूरे सैन्य सम्मान के साथ विदाई दी गई.
Photo Credit: DD News Jammu
अखनूर के रहने वाले थे शही अजय कुमार नायक
डीडी न्यूज जम्मू कश्मीर के अनुसार शहीद नायक अजय कुमार जम्मू कश्मीर के अखनूर में राखी मुट्ठी के रहने वाले थे. अखनूर के बहादुर बेटे, पैरा कमांडो नायक अजय कुमार को जम्मू के राखी मुट्ठी में पूरे सैन्य सम्मान के साथ विदाई दी गई और देश ने उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया. उनकी बहादुरी, समर्पण और देश के प्रति उनकी सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा. बीजेपी विधायक मोहन लाल भगत ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को हिम्मत देने के लिए प्रार्थना की.
यह भी पढ़ें - हाथ में AK-47, शरीर पर लगीं 3 गोलियां: फिर भी मार गिराए 4 बदमाश, कौन थे यूपी पुलिस के बब्बर शेर सुनील कुमार?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं