- एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में शनिवार को कार्यभार संभाला
- कार्यभार ग्रहण के बाद उन्होंने नेशनल वॉर मेमोरियल पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी
- दीक्षित ने नई जिम्मेदारी ग्रहण करते हुए अपनी माता और सासू मां के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिए
एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने शनिवार को भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला. इस दौरान का उनका एक बेहद भावुक और सम्मान से भरा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायुसेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालने के तुरंत बाद वे नई दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचे, जहां उन्होंने देश के वीर शहीदों की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस औपचारिक सैन्य कार्यक्रम के ठीक बाद एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने वहां मौजूद अपनी माता निर्मला दीक्षित और अपनी सासू मां कमला पांडेय के पास जाकर उनके पैर छुए और उन्हें गरिमा के साथ सैल्यूट किया.
देश के वीर जवानों को नमन करने के बाद परिवार के बड़ों का आशीर्वाद लेकर उन्होंने अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत की.
#WATCH | Delhi: Air Chief Marshal Ashutosh Dixit saluted and touched the feet of his mother, Ms Nirmala Dixit and mother-in-law Kamla Pandey soon after laying a wreath at the National War Memorial on taking over as the Chief of the Air Staff. https://t.co/px5A3sgeQP
— ANI (@ANI) November 1, 2026
आशुतोष दीक्षित ने ऐसे समय में वायुसेना की कमान संभाली है, जब जटिल क्षेत्रीय सुरक्षा माहौल के बीच भारत अपनी सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा है. उन्होंने एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का स्थान लिया, जो 43 साल के शानदार करियर के बाद सेवानिवृत्त हो गए. दीक्षित को 20 से अधिक तरह के विमानों पर 3,500 घंटे से ज्यादा उड़ान भरने का अनुभव है. वो एक कुशल लड़ाकू विमान पायलट हैं.
रणनीतिक योजना के लिए पहचाने जाने वाले और ‘ऑपरेशन सिंदूर' में अहम भूमिका निभाने वाले एयर चीफ मार्शल दीक्षित इससे पहले वायुसेना के उप प्रमुख के पद पर कार्यरत थे. चार दशक के अपने करियर में एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने कमान, स्टाफ और प्रशिक्षण से जुड़े कई पदों पर सेवाएं दी हैं. 9 दिसंबर 1966 को जन्मे एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की लड़ाकू विमान शाखा में शामिल किया गया था.
#WATCH दिल्ली: वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित को एयर फोर्स स्टेशन के परेड ग्राउंड में 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया। https://t.co/AFenfAR3bp
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 1, 2026
एयर चीफ मार्शल ने भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में कमान संभालने पर सम्मान और गर्व जताया. उन्होंने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री का उन पर भरोसा जताने के लिए आभार व्यक्त किया. उन्होंने निवर्तमान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का भी धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के नेतृत्व में वायुसेना ने दिखाया कि सटीक और निर्णायक हवाई शक्ति क्या कर सकती है. उन्होंने कहा कि एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने उन्हें पूरी तरह तैयार वायुसेना की कमान सौंपी है.
इसे भी पढ़ें: IAF चीफ एपी सिंह को विदाई, अब कौन संभालेगा कमान? जानिए आशुतोष दीक्षित के बारे में
इसे भी पढ़ें: IAF चीफ एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित कौन हैं? ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को ला दिया था घुटनों पर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं