- कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा प्रमख अखिलेश यादव पर मुस्लिमों के मुद्दों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया
- मसूद ने कहा कि कांग्रेस सभी संवेदनशील मुद्दों पर आंदोलन करती है जबकि अखिलेश मुस्लिमों के मसलों पर चुप है
- मस्जिदों के ध्वस्त होने और मजारों को तोड़े जाने के मामलों पर मुस्लिमों के अधिकारों पर सवाल उठाए गए हैं
यूपी के सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर मुस्लिमों के मुद्दों पर चुप्पी साधने का बड़ा आरोप लगाया है. NDTV से बात करते हुए इमरान मसूद ने कहा कि हर मुद्दे पर कांग्रेस ही आंदोलन कर रही है. NEET से लेकर मंदिर में चंदा चोरी का मुद्दा हो या मजार-मस्जिद तोड़ने का कांग्रेस सभी मुद्दों पर मुखरता से बोलती है और सड़कों पर आंदोलन करती है.
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधते हुए इमरान ने कहा कि मंदिर की चंदाचोरी पर जिस मुखरता से बात हो रही है उसी तरह मुस्लिमों के उपर हो रही सीनाजोरी के मुद्दे पर बात क्यों नहीं हो रही? तमाम मस्जिदों को गिराया जा रहा है और मजारें तोड़ी जा रही हैं. काशी में पहले एक मस्जिद तोड़ दी थी अब दूसरी मस्जिद को नोटिस दिया है जबकि ये सब डेढ़ दो सौ साल पुरानी मस्जिदें हैं. इन्हें अवैध बता कर तोड़ा जा रहा है. मुस्लिमों पर हो रहे जुल्म को लेकर कोई बोलेगा या सारी जिम्मेदारी कांग्रेस की है?
दरअसल अखिलेश यादव ने एक इंटरव्यू में कांग्रेस को कथित तौर पर कमजोर बताया था. इसी पर पलटवार करते हुए इमरान मसूद ने उल्टा अखिलेश पर ही सवाल खड़े कर दिए और कहा कि कांग्रेस सभी मुद्दों पर मुखर रहती है जबकि अखिलेश यादव मुस्लिमों के मुद्दे पर खामोश रहते हैं.
'अकेले कोई बीजेपी से मुकाबला नहीं कर सकता'
इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस कमजोर नहीं है. देश में बीजेपी के खिलाफ लड़ाई राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ी जा रही है और उन्हीं के नेतृत्व में लड़ी जा सकती है. सबको समझना चाहिए कि आप अकेले बीजेपी का मुकाबला नहीं कर पाएंगे. बीजेपी ने ममता बनर्जी और शिवसेना के साथ क्या किया. इसलिए सबको ध्यान में रखना चाहिए कि कांग्रेस का हाथ मजबूती से थामें. ऐसी बात नहीं होनी चाहिए कि आप कमजोर हैं हम मजबूत हैं.
कांग्रेस सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव बड़े नेता हैं. अपनी सहयोगी पार्टी और एक राष्ट्रीय पार्टी के बारे में ऐसी बातें उनके मुंह से शोभा नहीं देती.
'जल्द हो सीट बंटवारे पर चर्चा'
दरअसल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू नहीं हो पाई है. इसको लेकर इमरान मसूद ने कहा कि ईमानदारी से चुनाव लड़ना है तो बैठ कर तय करना पड़ेगा. लोगों में कन्फ्यूजन की स्थिति रहेगी तो आपको ही नुकसान होगा. सीट बंटवारा तुरंत तय होना चाहिए.
यह भी पढ़ें: 'घोटालों की पूरी फाइल लेकर बैठा हूं, जेल में न AC मिलेगा, न ट्विटर', राजभर का अखिलेश यादव पर बड़ा हमला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं