- दिल्ली के IIT में M.Sc फिजिक्स छात्र ने लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की.
- पुलिस को घटना की सूचना सुबह 8:33 बजे मिली और छात्र को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित किया गया.
- शुरुआती जांच में छात्र के शरीर पर केवल गिरने से लगी चोटें पाई गईं, किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले.
दिल्ली के IIT कैंपस में शनिवार सुबह 31 साल के M.Sc फिजिक्स के छात्र की मौत का मामला सामने आया. पुलिस के मुताबिक, छात्र ने IIT दिल्ली के लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से छलांग लगा दी. घटना की सूचना सुबह करीब 8:33 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए थाना किशनगढ़ पुलिस को मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्र को IIT दिल्ली कैंपस के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
M.Sc फिजिक्स विभाग के छात्र ने दी जान
मृतक IIT दिल्ली के MSc फिजिक्स विभाग का छात्र था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह सुबह करीब 8 बजे IIT दिल्ली के मुख्य गेट से कैंपस में दाखिल हुआ था. इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स पहुंचा और लिफ्ट के जरिए छठी मंजिल पर गया.
शुरुआती जांच में कोई बाहरी चोट नहीं
पुलिस के मुताबिक, छठी मंजिल से उसने लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की सामने वाली तरफ छलांग लगा दी. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर क्राइम टीम और FSL टीम को बुलाया. दोनों टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से जरूरी सबूत जुटाए. पुलिस की शुरुआती जांच में फिलहाल शरीर पर गिरने से लगी चोटों के अलावा किसी दूसरी तरह के चोट के निशान सामने नहीं आए हैं.
मृतक के जेब से मोबाइल जब्त, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को मौके से अभी तक कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है. मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है. पुलिस अब मोबाइल फोन की जांच करेगी और उसके डेटा तथा अन्य जरूरी जानकारी को तय कानूनी प्रक्रिया के तहत खंगाला जाएगा. इससे यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि घटना से पहले छात्र की किसी से बातचीत हुई थी या नहीं और उसके हाल के घटनाक्रम के बारे में क्या जानकारी मिलती है.
कारण का अभी तक नहीं चला कोई पता
पुलिस IIT प्रशासन से छात्र के काउंसलिंग रिकॉर्ड और उससे जुड़ी दूसरी अहम जानकारी भी हासिल कर रही है. इन रिकॉर्ड्स और अन्य तथ्यों की जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि छात्र ने यह कदम क्यों उठाया. फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम और अन्य जरूरी प्रक्रिया जारी
पुलिस का कहना है कि अभी तक जांच में कोई ऐसी बात सामने नहीं आई है, जिससे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की पुष्टि हो. हालांकि, सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है. पोस्टमार्टम और अन्य जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें - IIT दिल्ली में छात्र ने की खुदकुशी, SC के आदेश का हवाला देते हुए FIR दर्ज, उकसाने की धारा में होगी जांच
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं