JEE Advanced 2027 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. IIT दिल्ली द्वारा JEE Advanced 2027 प्रवेश परीक्षा की तारीख और पात्रता शर्तें जारी कर दी गई हैं. JEE Advanced 2027 की ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी सूचना के अनुसार प्रतिष्ठित JEE Advanced 2027 का आयोजन IIT दिल्ली द्वारा आगामी 23 मई, 2027 को परंपरागत CBT मोड पर 2 शिफ्टों में किया जाएगा.
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि IIT दिल्ली द्वारा जारी की गई पात्रता शर्तों ने परीक्षा में सम्मिलित होने के अटेम्प्ट 2 से बढ़ाकर 3 किए जाने की सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है. देव शर्मा ने बताया कि JEE Advanced 2027 में सम्मिलित होने हेतु विद्यार्थियों को 2 ही अटेम्प्ट उपलब्ध होंगे, पहला 12वीं बोर्ड की परीक्षा के साथ और दूसरा निरंतरता में 12वीं बोर्ड की परीक्षा के ठीक बाद के साल में यानी JEE Advanced 2027 में वे ही विद्यार्थी सम्मिलित हो सकेंगे जो 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में सम्मिलित हुए थे या फिर जो 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 में सम्मिलित होंगे. ऐसे विद्यार्थियों को अन्य पात्रता शर्तें भी पूरी करनी होंगी.
JEE Advanced के जरिए 23 IIT और अन्य विशिष्ट संस्थानों के B.Tech, इंटीग्रेटेड M.Tech और डुएल डिग्री कोर्स में प्रवेश दिया जाता है.
पात्रता शर्तें
देव शर्मा ने बताया कि भारतीय नागरिकों के लिए 5 पात्रता शर्तों को संयुक्त तौर पर पूर्ण करना होगा. किसी भी एक शर्त के पूरी नहीं होने पर विद्यार्थी JEE Advanced 2027 प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो सकेंगे. यह 5 पात्रता शर्तें इस प्रकार हैं-
1. JEE Main 2027 की मेरिट सूची में चयन
विद्यार्थियों का JEE Main 2027 के BE/B.Tech पेपर-1 की मेरिट सूची के टॉप 2.5 लाख सफल अभ्यर्थियों में होना अनिवार्य है.
2. आयु सीमा
सामान्य, OBC तथा EWS अभ्यर्थियों का जन्म 1 अक्टूबर, 2002 या उसके बाद होना चाहिए. SC, ST, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 5 वर्ष की छूट के साथ जन्म 1 अक्टूबर, 1997 या उसके बाद होना चाहिए.
3. अटेम्प्ट की संख्या
JEE Advanced 2027 में वे ही विद्यार्थी सम्मिलित हो सकते हैं जिनके परीक्षा में सम्मिलित होने के 2 सतत/निरंतर अटेम्प्ट पूर्ण नहीं हुए हों.
4. 12वीं बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने का वर्ष
JEE Advanced 2027 प्रवेश परीक्षा में वे विद्यार्थी सम्मिलित हो सकेंगे जिन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 में उत्तीर्ण की हो अथवा वर्ष 2027 में 12वीं बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हों. वर्ष 2025 में 12वीं बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हुए विद्यार्थी JEE Advanced 2027 में सम्मिलित होने हेतु पात्र नहीं होंगे.
5. IIT संस्थानों में पूर्व प्रवेशित विद्यार्थी
जॉइंट सीट अलोकेशन ऑथरिटी- JoSAA 2026 के बिजनेस रूल्स में सूचीबद्ध किसी भी अकादमिक कार्यक्रम के तहत वर्ष 2026 में IIT संस्थानों में प्रवेश ले चुके विद्यार्थी JEE Advanced 2027 हेतु पात्र नहीं होंगे. ऐसे विद्यार्थी जिनका IIT संस्थानों में प्रवेश किसी कारणवश रद्द हुआ है वे भी अपनी पात्रता खो चुके हैं. 2026 में IIT संस्थानों के प्रिपरेटरी प्रोग्राम में प्रवेशित विद्यार्थी JEE Advanced 2027 में सम्मिलित होने हेतु पात्र होंगे.
IIT संस्थानों में प्रवेश हेतु 12वीं बोर्ड में 75% अंकों की पात्रता शर्त
देव शर्मा ने बताया कि JEE Advanced 2027 में सम्मिलित होने के लिए सामान्य, OBC और EWS श्रेणी के विद्यार्थियों हेतु 12वीं बोर्ड में 75% अंकों की अनिवार्यता नहीं है लेकिन IIT संस्थानों के B.Tech, इंटीग्रेटेड M.Tech और डुएल डिग्री पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु 12वीं बोर्ड में सामान्य, OBC तथा EWS कैटेगरी के विद्यार्थियों के लिए 12वीं बोर्ड में 75% अंक तथा SC, ST और दिव्यांग विद्यार्थी के लिए 65% अंक या टॉप 20 परसेंटाइल में होना अनिवार्य है.
विदेशी विद्यार्थियों को JEE Main में सम्मिलित होने की अनिवार्यता नहीं
देव शर्मा ने बताया कि विदेशी / OCI / PIO श्रेणी के विद्यार्थियों को JEE Main 2027 में सम्मिलित होने की अनिवार्यता नहीं है. वे JEE Advanced 2027 हेतु पंजीकृत होकर सीधे ही सम्मिलित हो सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं