- भाजपा का संगठनात्मक ढांचा राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर जिला और मंडल स्तर तक मजबूती से जुड़ा हुआ है
- प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन से पांच मंडल होते हैं, जिनके अंतर्गत 80 से 100 बूथ आते हैं
- शक्ति केंद्र 5 से छह बूथों को मिलाकर बनते हैं, जिनका संयोजक बूथों की गतिविधियों और वोटरों की निगरानी करता है
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव करीब है और उससे पहले भाजपा तैयारियों में जुट गई है. बीते दिनों भाजपा कार्यसमिति की मीटिंग थी, जिसमें होम मिनिस्टर अमित शाह भी पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने बूथ प्रमुखों के योगदान महत्वपूर्ण बताया और पार्टी के लोगों को फिर से बूथ लेवल की जंग में उतरने को कहा. इस तरह उन्होंने संगठन वाली ताकत याद दिला दी और 2014 में कैसे पार्टी जीती थी. उसके बारे में भी विस्तार से बताया. राजनीतिक विश्लेषक भी मानते हैं कि भाजपा टाइट फाइट वाले मुकाबलों में संगठन की बदौलत बढ़त बना ले जाती है. आइए जानते हैं, कहां से भाजपा को मिलती है संगठन वाली ताकत...
बीजेपी की संगठन वाली ताकत और काम
सबसे ऊपर राष्ट्रीय अध्यक्ष और संसदीय बोर्ड होते हैं, जो पार्टी की नीतियां और बड़े फैसले तय करते हैं. इसके साथ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री पूरे देश में संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय रखते हैं. इसके बाद हर राज्य में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री और जिला अध्यक्ष होते हैं. जिला स्तर पर बड़ी रैलियों, जनसंपर्क अभियानों और स्थानीय रणनीति को अमलीजामा पहनाया जाता है. एक जिले या महानगर के भीतर कई मंडल होते हैं. यह भी एक अहम कड़ी है. एक विधानसभा क्षेत्र को आमतौर पर 3 से 5 'मंडलों' में बांटा जाता है. एक मंडल के अंतर्गत करीब 80 से 100 बूथ आते हैं. मंडल अध्यक्ष जमीनी अभियानों (जैसे स्वच्छता अभियान, लाभार्थी संपर्क) का सीधा नेतृत्व करता है.
क्या हैं भाजपा के शक्ति केंद्र
शक्ति केंद्र मंडल और बूथ के बीच की सबसे अहम कड़ी होते हैं. 5 से 6 पोलिंग बूथों को मिलाकर एक 'शक्ति केंद्र' बनाया जाता है, जिसका एक प्रमुख (संयोजक) होता है जो अपने अधीन आने वाले सभी बूथों की निगरानी करता है. माइक्रो लेवल पर संगठन वोटरों से कैसे जुड़ता है? बीजेपी की चुनावी रणनीति का मूल मंत्र है- 'बूथ जीता, चुनाव जीता'. माइक्रो लेवल (सूक्ष्म स्तर) पर पार्टी हर एक घर और वोटर तक पहुंचने के लिए इन तरीकों का इस्तेमाल करती है.
बूथ समितियों में कितने नेता होते हैं
अब बूथों की बात करें तो इस लेवल पर बूथ समिति बनाई गई हैं. इनमें 11 से 21 मेंबर होते हैं. देश के लगभग हर पोलिंग बूथ (जहां औसतन 1,000 वोटर होते हैं) पर पार्टी की एक बूथ समिति होती है. इसमें बूथ अध्यक्ष, महामंत्री, बीएलए-2 (Booth Level Agent) के साथ-साथ विशेष जिम्मेदारियां बांटी जाती हैं—जैसे 'लाभार्थी प्रमुख', 'मन की बात प्रमुख' और 'व्हाट्सएप प्रमुख'. 'पन्ना प्रमुख' और 'पन्ना समिति' यह बीजेपी के माइक्रो-मैनेजमेंट की सबसे बड़ी ताकत है. मतदाता सूची के एक पन्ने (आगे और पीछे मिलाकर) पर लगभग 60 से 70 वोटरों (करीब 12-15 परिवारों) के नाम होते हैं. हर एक पन्ने के लिए एक स्थानीय कार्यकर्ता को 'पन्ना प्रमुख' बनाया जाता है.
पन्ना प्रमुख कैसे काम करते हैं, क्या रणनीति
पन्ना प्रमुख का काम उन 12-15 परिवारों के साथ व्यक्तिगत संबंध बनाना, उनके सुख-दुख में शामिल होना, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करना और मतदान के दिन सुबह-सुबह उन सभी का वोट डलवाना सुनिश्चित करना होता है. साथ ही नियमित डोर-टू-डोर अभियान भी ये लोग चलाते हैं. छोटे समूहों में बैठकें, ग्राम चौपाल आदि करते हैं. WhatsApp ग्रुप्स और डिजिटल ट्रैकिंग करते हैं. सर्वे और रियल-टाइम फीडबैक ऊपर तक पहुंचाना भी इनका काम है.
वोटिंग वाले दिन क्या काम होता है
मतदान के दिन समर्थकों की लिस्ट चेक करके अपने मतदाताओं से मतदान करवाना भी इन पन्ना प्रमुखों का काम होता है. पार्टी के बूथ कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं (जैसे आवास, राशन, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि) के लाभार्थियों की सूची तैयार करते हैं. कार्यकर्ता घर-घर जाकर इन परिवारों से मिलते हैं, उन्हें योजना का श्रेय याद दिलाते हैं और पार्टी के पक्ष में भावनात्मक व राजनीतिक समर्थन जुटाते हैं. बीजेपी का संगठन पूरी तरह तकनीक से जुड़ा है. पार्टी अपने आंतरिक डिजिटल प्लेटफॉर्म (जैसे सरल ऐप और संगठन ऐप) के जरिए हर बूथ के कार्यकर्ताओं का डेटा, उनकी बैठकों की तस्वीरें (जियो-टैगिंग के साथ) और वोटरों के रुझान का रियल-टाइम रिकॉर्ड रखती है. इसके अलावा, हर बूथ स्तर पर वॉट्सऐप ग्रुप बनाए जाते हैं, जिनके जरिए पार्टी का संदेश सीधे वोटरों के मोबाइल तक पहुंचता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं