विज्ञापन

शेयर बाजार के निवेशकों को झटका, बजट में LTCG और STT टैक्स में राहत की अटकलों पर वित्त मंत्रालय ने लगाया ब्रेक

LTCG & STT Clarification: वित्त मंत्रालय ने साफ किया है कि CBDT चेयरमैन ने बजट 2027 में टैक्स राहत का कोई संकेत नहीं दिया था. जानें LTCG, STCG और STT पर क्या है सरकार का रुख.

शेयर बाजार के निवेशकों को झटका, बजट में LTCG और STT टैक्स में राहत की अटकलों पर वित्त मंत्रालय ने लगाया ब्रेक
Budget 2027 Expectations: क्या बजट 2027 में घटेगा LTCG और STT टैक्स? CBDT चेयरमैन के बयान पर वित्त मंत्रालय ने दी सफाई
NDTV इंडिया

शेयर बाजार में निवेश करने वालों को LTCG और STT पर टैक्स में राहत के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है. दरअसल, CBDT चेयरमैन रवि अग्रवाल के बयान के बाद ऐसी चर्चा शुरू हो गई थी कि सरकार अगले बजट (Budget 2027) में कैपिटल गेन टैक्स (Capital Gains Tax) में बदलाव कर सकती है. अब वित्त मंत्रालय ने इस पर सफाई देते हुए कहा है कि चेयरमैन के बयान का मतलब किसी सकारात्मक फैसले का संकेत देना नहीं था. इसक लेकर सरकार ने अभी कोई फैसला नहीं लिया है. इस पर अंतिम फैसला 1 फरवरी को बजट पेश होने के दिन ही सामने आएगा.

 बजट में टैक्स राहत की अटकलों पर वित्त मंत्रालय ने दिया स्पष्टीकरण

वित्त मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि CBDT चेयरमैन ने LTCG और STT को तर्कसंगत बनाने पर किसी सकारात्मक फैसले की संभावना नहीं जताई थी. मंत्रालय के मुताबिक, उनके बयान का मतलब सिर्फ इतना था कि प्री-बजट बैठकों में हितधारकों की ओर से दिए गए सुझावों की जांच की जा रही है.

चेयरमैन ने कहा था कि अलग-अलग मुद्दों और सुझावों का विश्लेषण किया जा रहा है. सरकार सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद बजट में अपना फैसला बताएगी. मंत्रालय ने मीडिया से उनके बयान का कोई दूसरा मतलब नहीं निकालने की अपील भी की है.जानें क्या है पूरा मामला

CBDT चेयरमैन ने दिया था ये बयान

16 नवंबर को इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) में CBDT चेयरमैन रवि अग्रवाल ने कहा था कि कैपिटल गेन टैक्स से जुड़े अलग-अलग सुझावों पर चर्चा चल रही है. उन्होंने बताया कि प्री-बजट मीटिंग में हितधारक अपनी बातें रख रहे हैं और इन सुझावों की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार का फैसला 1 फरवरी को बजट के दिन पता चलेगा.

LTCG और STT में बदलाव की मांग

इंडस्ट्री एसोसिएशन और बाजार से जुड़े लोगों ने सरकार से LTCG टैक्स खत्म करने की मांग की है. इसके अलावा STCG और STT की दरों में बदलाव का सुझाव भी दिया गया है, ताकि भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेश बढ़ सके.

कुछ संगठनों ने लॉन्ग टर्म निवेश की अवधि 12 महीने से बढ़ाकर 18 से 24 महीने करने का सुझाव दिया है. वहीं, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) के लिए अलग टैक्स सिस्टम और डॉलर में निवेश पर मुनाफे की गणना करने की मांग भी उठी है. कई उभरते बाजारों में विदेशी निवेशकों को इक्विटी पर LTCG टैक्स से छूट मिलती है.

अभी कितना लगता है LTCG और STCG टैक्स?

फिलहाल लिस्टेड शेयर और इक्विटी म्यूचुअल फंड में 12 महीने से ज्यादा समय तक निवेश रखने पर 1.25 लाख रुपये से अधिक के मुनाफे पर 12.5% LTCG टैक्स लगता है. वहीं, 12 महीने के भीतर निवेश बेचने पर होने वाले मुनाफे पर 20% STCG टैक्स देना पड़ता है. इन पर सरचार्ज और सेस भी लागू होता है.

टैक्स कलेक्शन में 25% का उछाल

CBDT चेयरमैन ने बताया कि इस साल इनकम टैक्स रिफंड पिछले साल के मुकाबले 25% ज्यादा है. इस बार रिफंड समय पर जारी हो रहे हैं. हालांकि, पर्सनल इनकम टैक्स कलेक्शन उम्मीद से थोड़ा कम है, लेकिन सरकार को भरोसा है कि वित्त वर्ष 2026-27 में 26.97 लाख करोड़ रुपये का डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन लक्ष्य पूरा हो जाएगा. पिछले वित्त वर्ष में 23.40 लाख करोड़ रुपये जुटाए गए थे.

यह भी पढ़ें | टाटा संस पर फिर सख्त हुआ RBI, कहा- अपर लेयर NBFC नियमों के तहत लिस्टिंग जरूरी, क्या अब बाजार में उतरेगी कंपनी?
यह भी पढ़ें | बजट 2027 से पहले LTCG टैक्स खत्म करने और STCG को आधा करने की उठी मांग, जानें PHDCCI के 5 बड़े सुझाव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
LTCG Tax, STT Charges, Share Market Tax, Budget 2027, STCG Tax
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com