विज्ञापन

'कैसे दे दी विजय को सीएम वाली सुरक्षा...', तमिलनाडु के गवर्नर ने डीजीपी से पूछा

तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने राज्‍य के डीजीपी से विजय की सुरक्षा को लेकर सवाल पूछा है. अर्लेकर ने कहा कि विजय को सीएम वाली सुरक्षा कैसे दे दी गई. 

'कैसे दे दी विजय को सीएम वाली सुरक्षा...', तमिलनाडु के गवर्नर ने डीजीपी से पूछा
  • तमिलनाडु के राज्यपाल ने टीवीके प्रमुख विजय को मुख्यमंत्री सुरक्षा देने पर डीजीपी से सवाल किया है.
  • राज्यपाल ने डीजीपी से यह भी पूछा कि विजय को सुरक्षा काफिला किस आधार पर दिया गया.  
  • तमिलनाडु में कल होने वाले कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाई जाएगी.

तमिलनाडु चुनाव में टीवीके की जबरदस्‍त जीत और बहुमत जुटाने की कोशिश के बीच पार्टी प्रमुख विजय की सुरक्षा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने राज्‍य के डीजीपी से विजय की सुरक्षा को लेकर सवाल पूछा है. अर्लेकर ने डीजीपी से सवाल किया कि विजय को सीएम वाली सुरक्षा कैसे दे दी गई. उधर, कांग्रेस ने राज्‍यपाल पर टीवीके को सरकार बनाने से रोकने का प्रयास का आरोप लगाया है और कल विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. ऐसे में राज्‍यपाल ने डीजीपी से कांग्रेस के होने वाले विरोध प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा की. 

तमिलनाडु के मुख्य सचिव और डीजीपी ने गुरुवार को राज्यपाल से लोकभवन में मुलाकात की. इस दौरान राज्‍यपाल को तमिलनाडु में कानून व्यवस्था की स्थिति के बारे में जानकारी दी गई. सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल ने डीजीपी से यह भी पूछा कि विजय को सुरक्षा काफिला किस आधार पर दिया गया.  

ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए विजय की TVK CPI और CPM से भी मांगेगी समर्थन

बिना सुरक्षा काफिले के नजर आए थे विजय 

TVK प्रमुख विजय बुधवार शाम बिना सुरक्षा काफिले के नजर आए. विजय के बिना काफिले के अपने घर पहुंचने के वीडियो सामने आने के साथ ही कई तरह की अटकलें तेज हो गई थीं. हालांकि पुलिस सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया कि पूरा प्रोटोकॉल काफिला हटाने का फैसला विजय ने खुद लिया था. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “बेसिक पायलट सुरक्षा जारी रहेगी, शपथ ग्रहण में देरी के कारण विजय ने खुद फुल प्रोटोकॉल काफिले से बाहर होने का फैसला किया है.” 

ये भी पढ़ें: विजय का सुरक्षा काफिला अचानक से कहां हुआ गायब, सरकार बनाने की भी मशक्कत, क्या बदल रहा सियासी समीकरण

कांंग्रेस के कल होने वाले विरोध प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा

राज्‍यपाल के साथ मुलाकात के दौरान कांग्रेस के कल होने वाले विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा को लेकर भी चर्चा की गई है. कांग्रेस द्वारा कल के विरोध प्रदर्शन की योजना के चलते तमिलनाडु भर में सुरक्षा बढ़ाई जाएगी. 

कांग्रेस ने 8 मई को सुबह 11 बजे तमिलनाडु के जिला मुख्यालयों में व्यापक विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. पार्टी ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और राज्यपाल की निंदा करते हुए कहा है कि वे संविधान के विरुद्ध जाकर तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टीवीके को सरकार बनाने से रोकने का प्रयास कर रहे हैं. 

तमिलनाडु में 23 अप्रैल को 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में टीवीके ने 108 सीट जीती हैं, लेकिन सरकार बनाने के लिए उसके पास जरूरी 118 विधायकों का समर्थन नहीं है. कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों के साथ विजय की पार्टी को समर्थन दिया है. हालांकि अभी भी टीवीके बहुमत के आंकड़े से दूर नजर आ रही है. यही कारण है कि राज्‍यपाल ने अभी तक टीवीके को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया है. 

लेखक के बारे में
img
Reethu Rajpurohit
Correspondent
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tamil Nadu Politics, Vijay Security Controversy, Tamil Nadu Governor Rajendra Arlekar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com