विज्ञापन

असम के IPS अफसरों की नाइट पार्टी में बवाल! SSP घायल, अनुशासन पर CM ने हिमंत बिस्वा सरमा दी थी नसीहत

असम के कोकराझार जिले में एक निजी पार्टी के दौरान दो आईपीएस अधिकारियों के बीच कथित विवाद और हाथापाई की खबर सामने आई है. एसएसपी अक्षत गर्ग के घायल होने की सूचना है, जबकि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसे निजी मामला बताया है.

असम के IPS अफसरों की नाइट पार्टी में बवाल! SSP घायल, अनुशासन पर CM ने हिमंत बिस्वा सरमा दी थी नसीहत
असम में IPS अधिकारियों की पार्टी में बवाल
अल्टर्ड बाय NDTV
  • असम पुलिस के दो वरिष्ठ अधिकारियों के बीच कथित झड़प, देर रात पार्टी में हुआ विवाद
  • मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा बोले- यह निजी मामला
  • DGP ने वरिष्ठ अधिकारी को सुलह के लिए लगाया, पुलिस विभाग में हलचल
गुवाहाटी:

असम के कोकराझार जिले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक देर रात आयोजित निजी पार्टी कथित तौर पर विवाद और हाथापाई में बदल गई. सूत्रों के अनुसार पार्टी के दौरान दो आईपीएस अधिकारियों के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला शारीरिक झड़प तक पहुंच गया. इस घटना में कोकराझार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अक्षत गर्ग के घायल होने की बात सामने आई है. हालांकि असम पुलिस मुख्यालय की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे निजी मामला बताया है.

देर रात पार्टी में हुआ विवाद, SSP घायल

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना सप्ताहांत में कोकराझार जिले में आयोजित एक निजी समारोह के दौरान हुई. पार्टी का आयोजन कथित तौर पर सराईखोला स्थित 7वीं असम पुलिस बटालियन परिसर में किया गया था, जिसकी मेजबानी एसएसपी अक्षत गर्ग कर रहे थे. 

सूत्रों के मुताबिक पार्टी के दौरान एसएसपी अक्षत गर्ग और डीआईजी वाईटी गेत्सु के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर दोनों अधिकारियों के बीच शारीरिक झड़प हो गई.

इस कथित हाथापाई में एसएसपी अक्षत गर्ग को कई चोटें आई हैं. लेकिन चोट किस तरह की है और कितनी गंभीरता है इसको लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि घटना के बाद किसी विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है या नहीं.

मुख्यमंत्री ने कहा- ड्यूटी पर नहीं थे अधिकारी

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को कहा कि घटना एक निजी पार्टी के दौरान हुई थी और उस समय दोनों अधिकारी ड्यूटी पर नहीं थे. मुख्यमंत्री ने कहा ‘यह एक निजी मामला था. अधिकारी ड्यूटी पर नहीं थे, इसलिए इस पर हम कुछ नहीं कह सकते.' उन्होंने यह भी कहा कि यदि ऐसी घटना अधिकारियों के आधिकारिक कर्तव्यों के दौरान हुई होती तो सरकार हस्तक्षेप कर आवश्यक कदम उठाती.

DGP ने विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी सौंपी, CM ने दी थी अनुशासन की सीख

सूत्रों के मुताबिक असम के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार को दोनों अधिकारियों के बीच विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी सौंपी है. यह घटनाक्रम उसी दिन हुई जब मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने देरगांव स्थित लचित बरफुकन पुलिस अकादमी में नव नियुक्त पुलिसकर्मियों की पासिंग आउट परेड को संबोधित किया था. अपने संबोधन में उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखने, नशीले पदार्थों से दूर रहने और मर्यादित भाषा व व्यवहार अपनाने की सलाह दी थी. मुख्यमंत्री ने कहा था कि पुलिस वर्दी पहनने वालों के शब्द, आचरण और कार्यों में पद की गरिमा दिखाई देनी चाहिए.

यह भी पढ़ें : 20 हजार नए पुलिसकर्मी और 5 हजार का होगा प्रमोशन, असम के सीएम का बड़ा ऐलान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assam IPS Officers, Himanta Biswa Sarma, Assam Police, Assam DGP, Assam IPS Officer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com