विज्ञापन

झारखंड के रामगढ़ जिले में भीषण रोड एक्सीडेंट, यात्रियों से भरे वाहन और ट्रक की सीधी टक्कर से हादसा

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीते चार दिनों के भीतर इसी स्थान पर यह दूसरा बड़ा हादसा है और अब तक कुल 10 लोगों की जान जा चुकी है. इसके बावजूद सड़क पर पर्याप्त चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं.

झारखंड के रामगढ़ जिले में भीषण रोड एक्सीडेंट, यात्रियों से भरे वाहन और ट्रक की सीधी टक्कर से हादसा
झारखंड के रामगढ़ में सड़क हादसा. (सांकेतिक फोटो)
  • झारखंड के रामगढ़ जिले में यात्री वाहन और कोयला लदे ट्रक की टक्कर से 7 लोगों की मौत हो गई
  • हादसे में 8 लोग घायल हुए थे, जिनमें से एक को गंभीर हालत में रांची रेफर कर दिया गया है
  • दुर्घटना रात करीब 12 बजे रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के पास हुई, यात्री वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया
रांची:

झारखंड के रामगढ़ जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. यात्रियों से भरे वाहन और कोयला लदे एक ट्रक की सीधी टक्कर से सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं एक शख्स गंभीर रूप से घायल हुआ है. ये घटना रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के पास रात करीब 12 बजे घटी. जब एक यात्री वाहन और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई. जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12 बजे एक ट्रक और यात्री वाहन आपस में टकरा गए. इस हादसे में वाहन सवार 'ताशा पार्टी' के सदस्यों को गंभीर चोटें आईं हैं. वहीं सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर  हालत में रांची रेफर कर दिया गया.

सवारी वाहन के उड़े परखच्चे

हादसा इतना भयावह था कि सवारी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया.

जानकारी के मुताबिक,  हादसे का शिकार हुए लोग बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े थे. बताया जा रहा है कि बलसगरा गांव के दो लोग एक सवारी वाहन से मारंगमर्चा गांव पहुंचे थे. वहां से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ताशा-बैंड पार्टी के छह अन्य सदस्यों को लेकर वे वापस बलसगरा लौट रहे थे. इसी दौरान रामगढ़ की ओर से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के क्रम में सवारी वाहन को अपनी चपेट में ले लिया.

आठ लोग अस्पताल पहुंचे, 7 की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन सड़क पर कई फीट तक घिसटता चला गया. हादसे के बाद वाहन में सवार सभी आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी.

रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल आठ लोगों को अस्पताल लाया गया था, इनमें सात लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक व्यक्ति की हालत बेहद गंभीर थी. प्राथमिक उपचार के बाद उसे रांची के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है.

ट्रक ने रॉन्ग साइड जाकर सवारी वाहन को मारी टक्कर

वहीं रामगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) आलोक रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के रॉन्ग साइड में जाकर सवारी वाहन को टक्कर मारने की बात सामने आई है.  पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया. गुस्साए ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि लारी-बरलौंग क्षेत्र दुर्घटनाओं का ब्लैक स्पॉट बन चुका है, लेकिन इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं.

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीते चार दिनों के भीतर इसी स्थान पर यह दूसरा बड़ा हादसा है और अब तक कुल 10 लोगों की जान जा चुकी है. इसके बावजूद न तो सड़क पर पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था की गई है.

देर रात लगा जाम, पुलिस ने समझाया

घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस, रामगढ़ थाना पुलिस समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. प्रशासन ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया और यातायात बहाल करने की कोशिश की. देर रात तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे. फिलहाल पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है. पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है, जबकि स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा के स्थायी उपायों और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें-देहरादून गुरुद्वारे से रात 2.30 बजे वापस लौटे उग्र निहंग, कैसे हुए शांत... आधी रात आखिर हुआ क्या?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand News, Jharkhand Accident, Ramgarh Accident, Jharkhand Police, Jharkhand Road Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com