झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, बंद पड़ी खदान में कोयला खनन के दौरान जहरीली गैस के रिसाव की चपेट में आने से चार लोगों ने दम तोड़ दिया. यह हादसा रामगढ़ जिला और गिद्दी क्षेत्र के रामगढ़ वन क्षेत्र अंतर्गत चपरी-बुमरी इलाके में स्थित हुआ. स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ युवक बंद खदान में कोयला निकालने के लिए नीचे उतरे थे. इसी दौरान खदान के भीतर अचानक जहरीली गैस का रिसाव होने लगा. गैस की चपेट में आने से सभी लोग अचेत हो गए और बाहर नहीं निकल सके.
इलाज के दौरान 2 लोगों ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना पर पुलिस, सीसीएल और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और राहत बचाव अभियान चलाया गया. काफी मशक्कत के बाद चारों युवकों को खदान से बाहर निकालकर रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया. रामगढ़ सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. हरेंद्र कुमार महतो ने बताया कि चार लोगों की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि अस्पताल लाए गए चार लोगों में दो की मौत पहले ही हो चुकी थी, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
बंद खदानों में प्रवेश न करने की अपील
घटना के बाद सदर अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. परिजन प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं. शवों का तीन डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम करवाया गया. वहीं घटना की सूचना पर रामगढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कृष्ण मुरारी तिर्की और कार्यपालक दंडाधिकारी अंबिका कुमारी भी अस्पताल पहुंचे.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बुमरी, चपरी और गिद्दी के आसपास कई बंद खदानें हैं, जहां समय-समय पर अवैध उत्खनन की घटनाएं सामने आती रही हैं. सीसीएल और प्रशासन द्वारा कार्रवाई किए जाने के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर खदानों में प्रवेश करते हैं, जिससे इस तरह की दुर्घटनाएं होती हैं. फिलहाल प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए लोगों से बंद खदानों में प्रवेश नहीं करने की अपील की है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है. (रामगढ़ से राजेश के इनपुट के साथ)
यह भी पढे़ं- पिता ने तीन बेटियों की कर दी हत्या, पिता के अफेयर का करती थीं विरोध
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं