- मोहम्मद शमी ने पिछले दिनों जयंत चौधरी से मुलाकात की थी. जिसके बाद उनके चुनाव लड़ने की चर्चा है.
- इस बीच मोहम्मद शमी की पूर्व पत्नी हसीन जहां ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है.
- उनका कहना है कि अगर शमी या उनके परिवार से कोई चुनाव लड़ेगा तो वह चुनाव मैदान में उतरेगी.
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की राजनीति में एंट्री की अटकलें चल रही हैं. लेकिन इस बीच उनकी पूर्व पत्नी हसीन जहां ने बड़ा ऐलान कर दिया है. उन्होंने यूपी की अमरोहा सदर विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. बता दें क मोहम्मद शमी और हसीन जहां के बीच तलाक हो चुका है. जिसके बाद से ही दोनों के बीच विवाद की खबरें आते रहती हैं. पिछले दिनों मोहम्मद शमी ने राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से मुलाकात की थी. जिसके बाद उनके चुनाव मैदान में उतरने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. लेकिन मोहम्मद शमी से पहले ही हसीन जहां ने चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है.
अमरोहा सदर से चुनाव लड़ेगी हसीन जहां
क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पूर्व पत्नी हसीन जहां ने कहा 'अमरोहा की जनता मुझे अच्छी तरह जानती है, इसलिए वह यहां से चुनाव मैदान में उतरेगी. अगर मोहम्मद शमी या उनके परिवार से कोई भी चुनाव मैदान में आएगा तो मैं उनके खिलाफ चुनाव लड़ूंगी. मैं अमरोहा की जनता की सेवा करना चाहती हूं.'ऐसे में चुनावी मैदान में उतरने से पहले ही मोहम्मद शमी और हसीन जहां फिर से आमने-सामने आ गए हैं. दोनों के बीच 2018 में विवाद सामने आया था, जिसके बाद दोनों अलग रहने लगे और तलाक हुआ था. हसीन जहां ने शमी और उनके परिवार पर घरेलू हिंसा, प्रताड़ना जैसे आरोप लगाए थे. वर्तमान में कोलकाता हाईकोर्ट के आदेशानुसार शमी अपनी पत्नी और बेटी के गुजारे भत्ते के लिए 4 लाख प्रति माह दे रहे हैं, जिसे बढ़ाने के लिए हसीन जहां ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की हुई है.
ये वीडियो भी देखिए
जयंत चौधरी से मिले थे मोहम्मद शमी
क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से जब मुलाकात की थी. जयंत चौधरी ने ही इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की थी. उसके बाद से ही शमी के विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें शुरू हो गई थी. चर्चा है कि भाजपा-रालोद गठबंधन मोहम्मद शमी को उत्तर प्रदेश के अमरोहा सदर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतार सकता है. अमरोहा मुस्लिम बहुल इलाका है और शमी का पैतृक निवास सहसपुर अलीनगर इसी जिले में आता है. इसके अलावा एक चर्चा यह भी है कि अगर शमी खुद चुनाव नहीं लड़ते तो उनके परिवार से कोई मैदान में आ सकता है. शमी के पिता और उनकी मां गांव के प्रधान रह चुके हैं.
हालांकि मोहम्मद शमी के चुनाव लड़ने का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन उनकी पत्नी हसीन जहां ने पहले ही उनके खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. जिससे दोनों फिर चर्चा में आ गए हैं.
ये भी पढे़ंः राजनीति में एंट्री करेंगे क्रिकेटर मोहम्मद शमी? जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद चर्चा तेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं