- गोरखपुर में बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवात अर्नब के कारण लगातार बारिश से जलभराव की गंभीर समस्या हो गई है.
- शनिवार को एक घंटे में 115 मिलीमीटर पानी गिरा जिससे शहर का अधिकांश भाग जलमग्न हो गया..
- इस बीच सांसद रवि किशन और पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बीच फोन कॉल पर बहस हुई जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
गोरखपुर में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है. जगह-जगह जलभराव की स्थिति से विकराल हो रही है. बंगाल की खाड़ी से उठे अर्नब तूफान की वजह से गोरखपुर पानी-पानी हो रखा है. शनिवार को लगातार तीसरे दिन बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार शनिवार शाम 4.30 बजे से पौने 7 बजे तक रिकार्ड 164 एमएम बारिश हुई है. एक घंटे में 4.30 बजे से 5.30 बजे तक 115 एमएम बारिश हुई है. इससे शहर का अधिकांश हिस्सा तैरता नजर आया. इस बीच लोगों को हो रही परेशानी पर जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के बीच खुद सियासी नोकझोंक भी हुई. जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.
सांसद रवि किशन और पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी में कहासुनी
दरअसल गोरखपुर सांसद रवि किशन और बेतियाहाता मोहल्ले के पार्षद और अधिवक्ता विश्वजीत त्रिपाठी के बीच फोन कॉल पर कहासुनी हुई. कहा जा रहा है कि विश्वजीत त्रिपाठी ने कॉल कर सांसद रवि किशन को उनके 'स्पेन' की हकीकत बताई, तो घबराए रविकिशन ने उनसे नाराज होकर सवाल किया कि ‘ का हो सपा ज्वाइन कई लेहला का?'
पार्षद का पलटवार- बसपा ज्वाइन कर लिए क्या?
इस पर पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने कहा कि वह कैसी बात कर रहे हैं? हम शहर का हाल बता रहे हैं. आप मुझे सपा ज्वाइन करने की बात कर रहे हैं? पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी यहीं पर चुप नहीं हुए, बल्कि उन्होंने रविकिशन से यह भी पूछ लिया कि क्या वे बसपा ज्वाइन कर लिए हैं?
गोरखपुर सांसद रवि किशन और बीजेपी पार्षद के बीच बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मामला भारी बारिश के बाद गोरखपुर में हुए जलभराव से जुड़ा है#RaviKishan | #Gorakhpur pic.twitter.com/82wq7L96Td
— NDTV India (@ndtvindia) September 27, 2026
मेयर और आयुक्त के साथ जलभराव का जायजा लेते दिखे सांसद
पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने वीडियो में यह भी दिखाया कि वह रामगढ़ताल के मुख्य द्वार पर खड़े हैं. जबकि रवि किशन भी अपना लोकेशन वहीं का बता रहे हैं, लेकिन उनका कहीं पता नहीं है. हालांकि गोरखपुर के सांसद रवि किशन एक वीडियो में गोरखपुर के नगर आयुक्त अजय जैन व महापौर डाक्टर मंगलेश श्रीवास्तव के साथ शहर का भ्रमण करके वॉटर लॉगिंग का हाल जानते हुए दिखाई दे रहे हैं.
भारी बारिश से जलभराव के बाद जायजा लेने पहुंचे सांसद रवि किशन#RaviKishan #HeavyRain #Waterlogging pic.twitter.com/hOGQkC7RI4
— NDTV India (@ndtvindia) September 27, 2026
जिस पार्षद से हुई बहस, वो सपा से भाजपा में आए
मालूम हो कि पार्षद और अधिवक्ता विश्वजीत त्रिपाठी पहले सपा से ही चुनाव जीते थे. बाद में उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर लिया था. अभी वो भाजपा में ही है. लेकिन भीषण बारिश के कारण उपजे हालात के बीच उनकी सांसद से कहासुनी हो गई. जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.

रवि किशन और भाजपा पार्षद के बीच हुई बहस का वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस का तंज.
कांग्रेस का तंज- पार्टी के पार्षद को नहीं सुन रहे, आम लोगों को क्या समझते होंगे
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर यह वीडियो साझा करते हुए लिखा- BJP पार्षद ने गोरखपुर के BJP सांसद रवि किशन से इलाके में भयंकर जलभराव की शिकायत की. इस पर सांसद जी भड़क गए और बोले: "सपा ज्वाइन कर लिए हो क्या?" जरा सोचिए- जो लोग अपनी ही पार्टी के पार्षद की नहीं सुन रहे, वो आम जनता को क्या समझते होंगे!
यही BJP की घटिया मानसिकता है. इन्हें जनता की तो रत्ती भर परवाह है नहीं, लेकिन अगर कोई सवाल पूछ ले तो ऐसी ओछी बातों पर उतर आते हैं. शर्म आनी चाहिए. समाजवादी पार्टी की नेता काजल निषाद ने भी इस कहासुनी को लेकर सांसद और भाजपा पर सवाल उठाए हैं.
यह भी पढ़ें - चक्रवात अर्नब की चपेट में आए 14 राज्य, UP में अब तक 13 की गई जान, कहां-कहां बरप रहा कहर?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं