विज्ञापन

हरियाणा में कुख्यात आरोपी शाहिद का एनकाउंटर, थार से कर रहा था तस्करी, सोहना पुलिस ने घेरा था

हरियाणा पुलिस ने कुख्यात अपराधी शाहिद का एनकाउंटर किया है. घटना नूह की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि वह अपनी थार गाड़ी से जा रहा था, पुलिस ने उसे रोका तो फायरिंग कर दी, जहां जवाबी फायरिंग में वह ढेर हो गया.

हरियाणा में कुख्यात आरोपी शाहिद का एनकाउंटर, थार से कर रहा था तस्करी, सोहना पुलिस ने घेरा था
हरियाणा पुलिस ने कुख्यात अपराधी शाहिद का एनकाउंटर किया
  • हरियाणा में कुख्यात आरोपी शाहिद का नूह के पास सोहना में एनकाउंटर हुआ है.
  • पुलिस को देखते ही उसने फायिरंग शुरू कर दी जहां जवाबी कार्रवाई में वह ढेर हो गया.
  • बताया जा रहा है कि वह कार में पशु लेकर जा रहा था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की है.

हरियाणा के नूह में पुलिस ने राज्य के कुख्यात अपराधी शाहिद को एनकाउंटर में ढेर कर दिया. वह अपने कुछ साथियों के साथ थार गाड़ी से जा रहा था. इस दौरान पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह ढेर हो गया. बताया जा रहा है कि वह कार में पशु लेकर जा रहा था. एनकाउंटर के दौरान उसके दो साथी फायरिंग करते हुए जंगल की तरफ भाग निकले. शाहिद आडवाणी नूंह के खरखड़ी गांव का रहने वाला था. जो पशु तस्करी के मामले में कुख्यात माना जाता था. जिसे पुलिस ने ढेर किया है. 

गुरुग्राम के सोहना इलाके की घटना 

गुरुग्राम के सोहना इलाके में सुबह-सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस के मुताबिक थार गाड़ी में पशुओ लेकर जा रहे तीन बदमाशों को नूंह क्राइम ब्रांच की टीम ने घेरने की कोशिश की थी. इसी दौरान फायरिंग शुरू हो गई, जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी घायल हो गया और उसकी मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने पशुओं को मुक्त करा लिया है. 

सुबह-सुबह की घटना

घटना सोहना के गांव भिवरावटी से सिलानी रोड पर गुरुग्राम-नूंह सीमा के पास की है. पुलिस के अनुसार नूंह क्राइम ब्रांच को सुबह करीब चार बजे सूचना मिली थी कि शाहिद उर्फ आडवाणी अपने साथियों के साथ तस्करी के लिए निकलने वाला है. सूचना के आधार पर टीम ने उसकी तलाश शुरू की थी. कुछ समय बाद फरीदाबाद नंबर की थार गाड़ी दिखाई दी जिसमें तीन लोग सवार थे और डिग्गी में दो गाय रखी हुई थीं. पुलिस टीम ने गाड़ी को रोकने के लिए घेराबंदी की, लेकिन इसी दौरान बदमाशों की तरफ से फायरिंग की गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शाहिद को गोली लगी, उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी दोनों आरोपी फरार हो गए. 

मुठभेड़ के बाद मौके पर सोहना सदर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और सीन ऑफ क्राइम टीम पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोहना नागरिक अस्पताल भिजवा दिया. वहीं पशु चिकित्सक को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है. पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश करने के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर पूरे मामले की जांच कर रही है. 

शाहिद पर 30 आपराधिक मामले

पुलिस के मुताबिक शाहिद उर्फ आडवाणी लंबे समय से वांछित था और उसके खिलाफ करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. उसका नाम एटीएम मशीन चोरी और लूट की वारदातों से जुड़े मामलों में भी आया था. साल 2018 में बिलासपुर क्राइम ब्रांच ने उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था. उस दौरान घायल होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पुलिस के अनुसार, इलाज के बाद पूछताछ के लिए रिमांड पर लिए जाने के दौरान वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया था. इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी. अब सोहना इलाके में हुई मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है.

ये भी पढे़ंः गुजरात में पिता ने ढाई साल के बच्चे को जिंदा जलाया, अकेले नहीं पालना चाहता था, पत्नी चली गई थी मायके

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haryana News, Haryana Police, Haryana Encounter, Haryana Today News, Haryana Today News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com