कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने चुनाव आयोग के खिलाफ 2 अक्टूबर को प्रदर्शन का ऐलान किया है. CJP का यह प्रदर्शन मुंबई में होगा. CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लोगों से गांधीजी की टीशर्ट पहनकर आने और तिरंगा लाने की अपील की है. दीपके ने मांग की मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए.
ज्ञानेश कुमार तब से विपक्ष और CJP के निशाने पर आ गए हैं, जब एक अंग्रेजी अखबार ने चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर रिपोर्ट छापी थी. इस रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चुनाव आयोग के दो चुनाव आयुक्तों- सुखबिर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कई मुद्दों को लेकर कई बार ज्ञानेश कुमार के सामने आपत्तियां दर्ज कराई थीं.
इस रिपोर्ट के आने के बाद विपक्ष भी ज्ञानेश कुमार पर हमलावर है. वहीं, अब CJP भी मैदान में उतर आई है. शुक्रवार को गांधी जयंती के दिन के CJP चुनाव आयोग के खिलाफ मुंबई में प्रदर्शन करने जा रही है.
क्या है CJP का प्लान?
गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभिजीत दीपके ने CJP का पूरा प्लान बताया. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को ज्ञानेश कुमार को 'गद्दार' बताया.
अभिजीत दीपके ने कहा कि कल से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP का आंदोलन शुरू होगा. मुंबई के शिवाजी पार्क से आंदोलन शुरू होगा.
उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए आंदोलन है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोग इस प्रोटेस्ट में शामिल हों.
यह भी पढ़ेंः इंडिया गठबंधन की बैठक में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ क्या रणनीति बनी? समझिए पूरा प्लान
दीपके ने गिनाईं 3 डिमांड
- पहली- ज्ञानेश कुमार पर क्रिमिनल चार्ज लगने चाहिए, एक जांच बैठनी चाहिए.
- दूसरी- एसआईआर की प्रक्रिया को रोका जाना चाहिए. 2025 के इलेक्टोरल लिस्ट पर चुनाव होने चाहिए.
- तीसरी- चुनाव आयुक्त की चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ होना चाहिए.
यह भी पढ़ेंः फर्स्ट टाइम वोटर्स वाले 'फॉर्म 6' में ऐसा क्या बदला कि हो गया बवाल? चुनाव आयोग का नया नियम समझिए
अनुमति नहीं मिलने पर क्या बोले?
CJP का प्रदर्शन 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में होने जा रहा है, लेकिन पुलिस ने इसकी अनुमति नहीं दी है. इस पर दीपके ने कहा कि हमारे किस आंदोलन को अनुमति दी गई थी? हम संविधान को मानने वाले लोग हैं.
दीपके ने कहा कि हम सत्ता में बैठे लोगों के खिलाफ ही आंदोलन कर रहे हैं, तो भला वे हमें अनुमति कैसे देंगे? उन्होंने कहा कि शिवाजी पार्क एक 'साइलेंस जोन' है, जब वहां राजनीतिक रैली हो सकती है, तो फिर वहां आंदोलन क्यों नहीं हो सकता?
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि ध्यान रहे, आंदोलन करने पर 3 दिन बाद बेल होगी. मैं उनसे कहूंगा कि 3 दिन नहीं, बल्कि 3 महीने के लिए जेल में डाल दो - 'मैं फिर आऊंगा, मैं फिर आऊंगा' मी पुन्हा येईल.
यह भी पढ़ेंः ज्ञानेश कुमार के पास है गिरफ्तारी का 'सुरक्षा कवच', फिर ऐसा क्यों कहा जा रहा कि बच नहीं पाएंगे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं