विज्ञापन
This Article is From Jun 06, 2017

गुरुग्राम : महिला से कथित गैंगरेप के बाद दरिंदों ने 9 महीने की बच्ची को ऑटो से फेंका

महिला ने बताया- रोने की आवाज से झल्लाकर इन लोगों ने बच्ची को चलते ऑटो से फेंक दिया. बच्ची ने गहरी चोटों के चलते दम तोड़ दिया.

गुरुग्राम : महिला से कथित गैंगरेप के बाद दरिंदों ने 9 महीने की बच्ची को ऑटो से फेंका
गुड़गांव में महिला से कथित गैंगरेप का मामला सामने आया
  • 9 महीने की बच्ची को ऑटो से फेंका
  • बच्ची की गंभीर चोटों के चलते मौत
  • पीड़िता ने तीन लोगों पर लगाया गैंगरेप का आरोप
नई दिल्ली: गुरुग्राम से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. तीन लोगों ने एक महिला के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया और महिला की 9 महीने की बच्ची को चलते ऑटो से फेंक दिया, जिसके चलते बच्ची की मौत हो गई. महिला ने पुलिस को बताया कि वह 29 मई की रात को अपने माता-पिता के घर खांडसा गांव जा रही थी. इसके बाद उसने एक ऑटो में लिफ्ट ली, जिसमें तीन लोग पहले से ही बैठे हुए थे.

महिला कहा कि जैसे ही वह ऑटो में बैठी पहले से ही मौजूद लोगों ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी. जब उन्होंने विरोध किया तो उनकी बेटी रोने लगी. रोने की आवाज से झल्लाकर इन लोगों ने बच्ची को चलते ऑटो से फेंक दिया. बच्ची ने गहरी चोटों के चलते दम तोड़ दिया.

पीड़ित महिला ने पुलिस को जानकारी दी कि उसके साथ दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेस वे के पास ओल्ड खांडसा रोड पर ऑटो के अंदर सामूहिक बलात्कार किया गया.

पुलिस ने घटना के बाद केस दर्ज कर लिया था, लेकिन तीनों आरोपी अभी भी उसकी गिरफ्त से बाहर हैं.

गौरतलब है कि पिछले महीने ही हरियाणा में 23 साल की एक युवती के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया और फिर उसकी बर्बर तरीके से हत्या कर दी गई. रोहतक जिले में उसका क्षत-विक्षत शव पाया गया था.

गुरुग्राम में भी सिक्किम की 22 साल की एक युवती से तीन लोगों ने एक चलती कार में कथित तौर पर बलात्कार किया और उसे दिल्ली में एक सड़क पर फेंक दिया. पूर्वोत्तर की इस महिला पर उस वक्त हमला हुआ, जब वह रात करीब दो बजे दिल्ली से यहां सेक्टर 17 स्थित अपने घर लौट रही थी. वह अपने मित्र के साथ शनिवार रात कनॉट प्लेस घूमने गई थी.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
GURGAON, Gangrape, Child Thrown Out Of Auto
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com