विज्ञापन

खेलते-खेलते बेहोश होकर गिर गई 14 साल की बच्ची, हो गई मौत, हार्ट अटैक की आशंका

गुजरात के राजकोट में 14 साल की बच्ची अचानक बेहोश होकर गिर गई. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

खेलते-खेलते बेहोश होकर गिर गई 14 साल की बच्ची, हो गई मौत, हार्ट अटैक की आशंका
Gujarat News: गुजरात में खेलते-खेलते 14 साल की बच्ची की मौत
NDTV.in

गुजरात के राजकोट शहर से एक बेहद दर्दनाक और हृदय विदारक घटना सामने आई है. महज 14 वर्ष की उम्र में एक मासूम बच्ची की अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. जामनगर के चांदी बाजार क्षेत्र में रहने वाले राजेशभाई मोदी की पुत्री आनंदी मोदी का रविवार को राजकोट में हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया.

छुट्टियों में मामा के घर गई थी बच्ची

पुरुषोत्तम मास और स्कूल की छुट्टियों के कारण आनंदी अपने मामा के घर राजकोट गई हुई थी. परिवार के साथ खुशियों भरे पल बिता रही आनंदी रविवार शाम एक रेस्टोरेंट में अपने परिजनों के साथ भोजन करने गई थी. भोजन के बाद वह अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में एक हंसता-खेलता चेहरा हमेशा के लिए खामोश हो जाएगा.

खेलते-खेलते बेहोश होकर गिरी बच्ची

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेलते-खेलते आनंदी अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ी. पहले तो लोगों को लगा कि शायद उसे कमजोरी हुई होगी, लेकिन जब वह बेहोशी की हालत में रही तो परिजनों के होश उड़ गए. परिवारजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हर संभव प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है. हालांकि डॉक्टरों ने इसकी पुष्टि नहीं की है. इतनी कम उम्र में हार्ट अटैक जैसी घटना ने सभी को हैरान कर दिया है.

आनंदी ने पिछले महीने ही अपना जन्मदिन बड़े उत्साह और खुशियों के साथ मनाया था. परिवार ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि जन्मदिन की खुशियां इतनी जल्दी मातम में बदल जाएंगी. स्कूल की छुट्टियां समाप्त होने के बाद सोमवार को उसे फिर से स्कूल जाना था. परिवार ने उसकी स्कूल की तैयारियां भी कर ली थीं, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com