विज्ञापन

गौतमबुद्धनगर में जनगणना-2027 की सुस्त रफ्तार पर DM सख्त, बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी

DM ने समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

गौतमबुद्धनगर में जनगणना-2027 की सुस्त रफ्तार पर DM सख्त, बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
गौतमबुद्धनगर में DM णे अधिकारियों को फटकार लगाई.

गौतमबुद्धनगर जिले में जनगणना-2027 के तहत चल रहे स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान की धीमी प्रगति को लेकर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है.  बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्वगणना की रफ्तार संतोषजनक नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए तत्काल प्रभाव से कार्य में तेजी लाएं.

बैठक में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की ड्यूटी आवंटित करने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई. उन्होंने संबंधित चार्ज अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जनगणना कार्य के लिए कर्मचारियों की जिम्मेदारी और ड्यूटी का आवंटन समय से सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि अभियान के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. उन्होंने निर्देश दिए कि जिन कर्मचारियों ने अब तक जनगणना ड्यूटी ग्रहण नहीं की है, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई शुरू की जाए. इसके साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने और निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.

जिलाधिकारी ने जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे बुधवार को ही अपने-अपने अधीनस्थ कार्यालयों में कार्यरत सभी कर्मचारियों की स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों की भागीदारी से स्वगणना अभियान को गति दी जा सकती है, इसलिए सभी विभागाध्यक्ष इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएं और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की स्वगणना की स्थिति सुनिश्चित करें.

जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में लगाए गए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिन कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना कार्य के लिए लगाई गई है, वे अपने आवंटित क्षेत्रों में जाकर परिवारों से संपर्क स्थापित करें और अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित करें. इसके लिए परिवारों को स्वगणना की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए उनकी भागीदारी सुनिश्चित कराई जाए. अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अभियान की प्रगति की नियमित निगरानी की जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य हासिल करने में किसी प्रकार की देरी न हो.

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी निभाने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना देश के लिए एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसकी सफलता के लिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है. ऐसे में सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और स्वगणना अभियान को निर्धारित समयसीमा के भीतर गति प्रदान करें.

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एडीसीपी क्राइम आरके गौतम, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी अजीत सिंह, ओएसडी नोएडा इंदु प्रकाश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी परवेज अली, जिला प्रभारी जनगणना प्रदीप कुमार सहित संबंधित चार्ज अधिकारी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें | यूपी में पूर्वांचल-गंगा एक्सप्रेसवे समेत सभी एक्सप्रेसवे की स्पीड लिमिट बदली, 4 महीने लागू रहेगा नियम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gautam Buddh Nagar, Noida News, Uttar Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com