- उत्तर प्रदेश में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन का नियम बदलने वाला है.
- रजिस्ट्री कार्यालय में दो गवाहों को साथ लाने की जरूरत नहीं.
- पक्षों की पहचान का वेरिफिकेशन आधार बायोमैट्रिक से होगा.
उत्तर प्रदेश में जमीन या मकान की रजिस्ट्री कराने वाले लोगों को जल्द ही एक बड़ी व्यावहारिक परेशानी से राहत मिलने वाली है. राज्य सरकार प्रॉपर्टी रजिस्ट्री की सालों पुरानी व्यवस्था में बदलाव करने जा रही है. इसके तहत रजिस्ट्री कार्यालय में दो गवाहों को साथ लाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके साथ ही नई प्रक्रिया के तहत प्रॉपर्टी खरीदने और बेचने वाले पक्षों की पहचान का वेरिफिकेशन आधार-आधारित ई-केवाईसी और बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जाएगा.
स्टांप एवं पंजीयन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रवीन्द्र जायसवाल के अनुसार, प्रदेश में पहले से ही आधार-आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन यानी फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन और लाइव फोटो वेरिफिकेशन की व्यवस्था लागू की जा चुकी है. फर्जी रजिस्ट्री पर अंकुश लगाने के लिए अपनाई गई इस डिजिटल प्रक्रिया के प्रभावी होने के बाद अब पहचान की पुष्टि के लिए दो गवाहों की मौजूदगी की जरूरत नहीं रह गई है.
ऑनलाइन आवेदन के साथ क्रेता और विक्रेता की आधार ई-केवाईसी से पहचान प्रमाणित होने पर पंजीकरण की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सकेगी.
कैबिनेट बैठक में विचार के बाद मंजूरी मिलने की संभावना
पड़ोसी राज्यों मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी यह सुधार लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं. संबंधित नियमावली में आवश्यक संशोधन से जुड़ा प्रस्ताव जल्द ही राज्य कैबिनेट की आगामी बैठक में विचार और मंजूरी के लिए रखे जाने की संभावना है. इसके लागू होने से खरीदारों और विक्रेताओं को हर बार रजिस्ट्री ऑफिस में दो गवाहों की जुटाने की परेशानी से छुटकारा मिल जाएगा.
रविवार को भी मिलेगी रजिस्ट्री सी सुविधा
गवाहों की अनिवार्यता खत्म करने के साथ ही विभाग पंजीकरण सेवाओं को नागरिकों की कार्य-समय सारणी के अनुरूप अधिक लचीला बनाने पर भी काम कर रहा है. विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों की सहूलियत के लिए रविवार के अलावा सामान्य कार्य दिवसों में कार्यालय समय के बाद भी रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना पर विचार चल रहा है, ताकि लोगों को संपत्ति पंजीकरण के लिए दफ्तर से छुट्टी न लेनी पड़े और वे अपनी सुविधा के अनुसार प्रक्रिया पूरी कर सकें.
यह भी पढ़ें | रेलवे ने यूपी में 9 मेमू ट्रेन चलाने का किया है प्लान, लखनऊ से कानपुर, अयोध्या और बाराबंकी तक सफर होगा आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं