Namo Bharat Corridor in Delhi NCR: नमो भारत के फरीदाबाद गुरुग्राम से ग्रेटर नोएडा रूट को दिल्ली मेरठ नमो भारत कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी है. रैपिड रेल के इस रूट के ट्रैक पर ही फरीदाबाद-गुरुग्राम मेट्रो भी चलेगी. एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो चलने से अलग ट्रैक बिछाने का हजारों करोड़ रुपये का खर्च बचेगा.मेरठ में इसी तर्ज पर मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेट्रो और रैपिड रेल चल रही है. इस ट्रैक पर फरीदाबाद में 10 और गुरुग्राम में 8 स्टेशन बनाए जाने की तैयारी हरियाणा सरकार कर रही है.
गुड़गांव से ग्रेटर नोएडा तक नमो भारत ट्रेन से नोएडा एयरपोर्ट के एनसीआर यात्रियों को भी फायदा होगा. हरियाणा मॉस रैपिड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (HMRTC) ने नेशनल कैपिटल रीजनल ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (NCRTC) को इसके लिए डीपीआर में संशोधन करने की संस्तुति की है. फरीदाबाद-गुरुग्राम-नोएडा नमो भारत कॉरिडोर की लंबाई लगभग 64 किलोमीटर है, जिसमें हरियाणा का 52 किमी और बाकी नोएडा क्षेत्र में आएगा. गुरुग्राम की बात करें तो इफ्को चौक से ग्वाल पहाड़ी में 14.5 किमी का ट्रैक बिछाया जाएगा.
दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम होंगे कनेक्ट
प्लान के अनुसार, गुड़गाव में इफ्को चौक से फरीदाबाद से गुजरते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा रूट को दिल्ली के सराय काले खां तक नमो भारत ट्रेन ट्रैक से कनेक्ट किया जाएगा. शाहजहांपुर में इंटरचेंज स्टेशन होगा और यहां मेट्रो स्टेशन भी होगा. रैपिड रेल ट्रैक को गुरुग्राम में यलो लाइन पर मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से जोड़ा जाएगा. रैपिड रेल ट्रैक पर सेक्टर 52, सेक्टर 57, वजीराबाद में स्टेशन बनेंगे. सेक्टर 61 में भी नमो भारत और मेट्रो का इंटरचेज स्टेशन होगा. सेक्टर 61 से रैपिड रेल स्टेशन,मेट्रो स्टेशन और दूसरी मेट्रो के लिए रूट का इंटरचेंज होगा.

Faridabad-Gurugram-Noida Namo Bharat Corridor
फरीदाबाद में नमो भारत और मेट्रो
फरीदाबाद में ऐसे 10 स्टेशनों का प्रस्ताव है, जहां नमो भारत यानी रैपिड रेल और मेट्रो एक ही ट्रैक पर होगी.गुड़गांव में आखिरी स्टेशन गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड का ग्वाल पहाड़ी स्टेशन होगा. यहां से रैपिड रेल फरीदाबाद में आएगी और सैनिक कालोनी से बादशाहपुर स्टेशन तक 16 किलोमीटर का रूट होगा. इस पर नमो भारत और मेट्रो दोनों चलाई जाएंगी. फरीदाबाद में पहले नमो भारत स्टेशन सैनिक कालोनी होगा.
ये भी पढ़ें - Namo Bharat: मेरठ, अलवर, पानीपत... दिल्ली NCR में 8 रूट पर दौड़ेगी नमो भारत, 20 बड़े शहरों को जोड़ेगी रैपिड रेल
4 बड़े शहर आपस में जुड़ेंगे
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-मेरठ के बाद गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा नमो भारत रूट पर हरियाणा सरकार की हरी झंडी है. इस नमो भारत रूट में गुरुग्राम भी आएगी. वहीं हरियाणा सरकार ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा को फरीदाबाद और गुरुग्राम को जोड़ने वाले नमो भारत कॉरिडोर के फाइनल अलाइनमेंट को अपनी मंजूरी दे दी है. इस नमो भारत कॉरिडोर का 12 किमी का हिस्सा यूपी और बाकी हरियाणा में होगा. ये गुरुग्राम के इफ्को चौक से फरीदाबाद होते हुए नोएडा और फिर ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर तक जाएगा.
ये भी पढ़ें - Namo Bharat 3.0: नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम... दिल्ली-मेरठ के बाद नया नमो भारत कॉरिडोर बनेगा, NCR में हाईस्पीड कनेक्टिविटी
इस कॉरिडोर को दूसरे चरण में गाजियाबाद-जेवर नमो भारत कॉरिडोर मतलब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी जोड़ा जाएगा. फिर ये एनसीआर के अन्य रैपिड रेल कॉरिडोर शुरू होने से दिल्ली, अलवर, पानीपत, करनाल जैसे शहर भी इंटरकनेक्ट हो सकेंगे.
शोरगुल रहित सिस्टम
नमो भारत रैपिड रेल की डिजाइन स्पीड 180 किमी प्रति घंटा है और यह अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती है. हरियाणा सरकार ने नमो भारत के परिचालन का जिम्मा संभालने वाली एनसीआरटीसी ने अनुरोध किया है कि आबादी वाले इलाकों से रैपिड रेल के लिए न्वाइज कंट्रोल सिस्टम का इस्तेमाल किया जाए, ताकि घनी जनसंख्या वाले क्षेत्रों में लोगों को दिक्कत न हो.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं