कुछ साल पहले तक अलवर, जयपुर में बॉक्सिंग ग्लव्स पहने दिखने वाला हरिचंद आज हैरी बॉक्सर के नाम से जाना जाता है. सामान्य किसान परिवार में जन्मे हरिचंद ने खेल की दुनिया में बड़ा नाम कमाने का प्लानिंग की थी. लेकिन उसका नाम बना अपराध की दुनिया में आकर. बीती रात हैरी बॉक्सर को अमेरिका के कैलिफोर्निया से गिरफ्तार कर लिया गया है. हैरी बॉक्सर की गिरफ्तारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि वह इस गैंग के टॉप-5 में शामिल था. लॉरेंस और उसका भाई अनमोल बिश्नोई पहले से जेल में हैं. रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ अब अलग गैंग बना चुका है. ऐसे में हैरी बॉक्सर, अनिल पंडित जैसे गैंगस्टर ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग का चेहरा बनते थे. लेकिन अब हैरी के गिरफ्तार होने से लॉरेंस गैंग के कमजोर होने की चर्चा है.
कौन है हैरी बॉक्सर, बॉक्सिंग कोच से बना गैंगस्टर
डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा हरिचंद उर्फ हैरी बॉक्सर, अनमोल बिश्नोई का करीबी बताया जाता है. गोल्डी बराड़ से दूरी के बाद अमेरिका में गैंग की गतिविधियों में उसकी भूमिका बढ़ गई थी. भारत में रंगदारी के लिए लगातार फोन कॉल करने और बड़ी वारदातों की जिम्मेदारी लेने के आरोप है.
हरिचंद उर्फ हैरी बॉक्सर, राजस्थान के अलवर का रहने वाला है. वो वह साल 2024 में डंकी रूट के जरिए अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचा था. वहां उसकी नजदीकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग और खास तौर पर अनमोल बिश्नोई से बताई जाती है. गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा से लॉरेंस बिश्नोई गैंग की दूरी बढ़ने के बाद अमेरिका में गैंग के लिए हैरी बॉक्सर को अहम जिम्मेदारी दी गई. वह कथित तौर पर भारत में कारोबारियों और अन्य लोगों को रंगदारी के लिए फोन कर रहा था.

बॉक्सिंग कोच से गैंगस्टर बनने तक का सफर
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट बताया जाता है. वह राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला है. उसका परिवार खेती-किसानी से जुड़ा बताया जाता है. अपराध की दुनिया में आने से पहले वह जयपुर में बॉक्सिंग कोच के तौर पर काम करता था. इसी वजह से उसने हैरी बॉक्सर या हैरी बॉक्सर के नाम से पहचान बनाई. हैरी बॉक्सर पर राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में रंगदारी, लूट और हत्या की कोशिश जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े मामले दर्ज हैं. वह विदेश में बैठकर भारत में गैंग की गतिविधियों को संचालित करने वाले लोगों में शामिल माना जाता है.
अमेरिका पहुंचने के बाद गैंग में बढ़ी भूमिका
हैरी बॉक्सर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का विदेश में सक्रिय ऑपरेटिव माना जाता है.उसके डोजियर के मुताबिक, वह 2024 में डंकी रूट के जरिए अमेरिका पहुंचा था. वहां उसकी नजदीकी अनमोल बिश्नोई से है. गैंग के भीतर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा से अलगाव के बाद हैरी बॉक्सर की भूमिका बढ़ गई.
कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग के बाद आया था नाम
हैरी बॉक्सर का नाम अगस्त 2025 में उस समय सुर्खियों में आया, जब कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग की घटनाओं के बाद एक कथित ऑडियो संदेश सामने आया. इस ऑडियो में हैरी बॉक्सर के नाम से बोलने वाला व्यक्ति बॉलीवुड को धमकी देता सुनाई दिया था. उसने कहा था कि सलमान खान के साथ काम करने वाले कलाकारों, निर्देशकों और निर्माताओं को निशाना बनाया जाएगा. इस धमकी को कपिल शर्मा के कैफे के उद्घाटन में सलमान खान को बुलाने से जोड़कर पेश किया गया था.

रोहित गोदारा ने अमेरिका में करवाया था हमला, मरते-मरते बचा
हैरी बॉक्सर और रोहित गोदारा के बीच गैंगवार की कहानी भी सामने आ चुकी है. 20 अक्टूबर 2025 को अमेरिका के कैलिफोर्निया में हैरी बॉक्सर को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई थी. यह हमला फ्रेस्नो इलाके में हाईवे-41 पर एग्जिट 127 के पास हुआ था. इस हमले की जिम्मेदारी रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट के जरिए ली थी. पोस्ट में उसने गोल्डी बराड़ के साथ मिलकर हमले की साजिश रचने का दावा किया था.
इस गोलीबारी में हैरी बॉक्सर का एक साथी मारा गया था, जबकि दूसरा घायल हुआ था. हैरी बॉक्सर खुद हमले में बच निकला था. हैरी बॉक्सर का नाम केवल गैंगवार तक सीमित नहीं रहा. साल 2025 और 2026 में देश के अलग-अलग हिस्सों में कारोबारियों को धमकी देकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने के कई मामले सामने आए
हैरी बॉक्सर के बड़े अपराध
- जुलाई 2025 में जयपुर क्राइम ब्रांच ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था. आरोप था कि दोनों ने लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के नाम पर एक कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की कोशिश की थी. पुलिस के मुताबिक, दोनों हैरी बॉक्सर के निर्देश पर काम कर रहे थे.
- फरवरी 2026 में लुधियाना के कारोबारी हरविंदर सिंह हार्डी को अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल और मैसेज आए. कॉल करने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया और 10 करोड़ रुपये की मांग की. कारोबारी का संबंध पंजाबी गायक परमिश वर्मा के कार्यक्रमों से भी बताया गया. पुलिस ने इस मामले में रंगदारी और आपराधिक धमकी की धाराओं में FIR दर्ज की थी.
- मार्च 2026 में मध्य प्रदेश के इंदौर, खरगोन, भोपाल और अशोकनगर में हैरी बॉक्सर के नाम से रंगदारी की धमकियों के कई मामले सामने आए. कारोबारियों को व्हाट्सऐप कॉल और वॉयस नोट भेजकर 5 करोड़ से 15 करोड़ रुपये तक की मांग की गई.
- इन मामलों की जांच के लिए मध्य प्रदेश पुलिस ने SIT गठित की थी. जांच में राजस्थान, हैरीयाणा और दूसरे राज्यों में सक्रिय नेटवर्क के तार भी खंगाले गए. कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई.
- अप्रैल 2026 में भोपाल के एक रियल एस्टेट कारोबारी को 10 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी देने के मामले में उत्तर प्रदेश के बांदा के दो लोगों और राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस को जांच में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नेटवर्क का पता चला.
रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को भी धमकी
हैरी बॉक्सर का नाम बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियों को मिली धमकियों में भी सामने आया. फरवरी 2026 में मुंबई क्राइम ब्रांच ने अभिनेता रणवीर सिंह को कथित रंगदारी और धमकी भरे वॉयस नोट भेजने के मामले में हैरीचंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर के खिलाफ FIR दर्ज की थी. अभिनेता के सोशल मीडिया मैनेजर और शिकायतकर्ता को विदेशी नंबर से कॉल आए थे.
इससे पहले फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी को भी धमकी दी गई थी. इन मामलों में पुलिस गैंग के विदेश में बैठे सदस्यों की भूमिका की जांच कर रही थी.

चंडीगढ़ में इंदरप्रीत पेरी की हत्या की जिम्मेदारी
हैरी बॉक्सर का नाम गैंगवार की सबसे चर्चित घटनाओं में से एक चंडीगढ़ के इंदरप्रीत सिंह उर्फ पेरी हत्याकांड में भी सामने आया. 1 दिसंबर 2025 को चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित टिम्बर मार्केट के पास इंदरप्रीत पेरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हमलावरों ने उसकी गाड़ी में और बाहर से कई राउंड फायरिंग की थी.
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर 'हरी बॉक्सर आरजू बिश्नोई' नाम के हैंडल से एक पोस्ट सामने आई थी. इसमें हैरी बॉक्सर, आरजू बिश्नोई और अन्य लोगों के नाम से हत्या की जिम्मेदारी ली गई थी.
पोस्ट में आरोप लगाया गया था कि पेरी गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा के संपर्क में था और क्लबों से उनके नाम पर पैसे वसूल रहा था. पोस्ट में हत्या को गैंगवार और बदले की कार्रवाई बताया गया था.

शहजाद भट्टी को भी दे चुका था धमकी
चंडीगढ़ पुलिस ने इस हत्या की जांच की और मार्च 2026 में 13 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े थे. जांच में हैरी बॉक्सर और आरजू बिश्नोई से जुड़े नेटवर्क का भी जिक्र आया. इसके अलावा हैरीयाणा के हांसी में जिम संचालक की हत्या की जिम्मेदारी उसने ही ली थी .वो पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी को भी धमकी दे चुका है.
यह भी पढ़ें - लॉरेंस बिश्नोई का करीबी हैरी बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार, सलमान, कपिल समेत कई हस्तियों को दी थी धमकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं