फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर फायरिंग में एक के बाद एक बड़े खुलासे करने के बाद अब मुंबई पुलिस ने रणवीर सिंह को मिली धमकी के मामले में बड़ी जानकारी हासिल की है. मुंबई क्राइम ब्रांच का कहना है कि बिश्नोई गैंग के खास गुर्गों में से एक हैरी बॉक्सर ने वॉयस नोट के जरिए रणवीर सिंह को धमकी भेजकर एक करोड़ रुपए की वसूली मांगी थी. क्राइम ब्रांच घटना की मजबूती से जांच करने के लिए और सबूत भी जुटा रही है. बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रणवीर सिंह के केस में मुंबई क्राइम ब्रांच का कहना है कि प्राथमिक जांच में व्हाट्सएप वॉयस नोट में हैरी बॉक्सर की आवाज होने की पुष्टि हुई है, हालांकि इससे जुड़े अन्य साक्ष्यों को क्राइम ब्रांच इकट्ठा करने में जुटी है.
फॉरेंसिक में भेजा वॉयस नोट
पुष्टि के लिए क्राइम ब्रांच ने व्हाट्सएप वॉयस नोट को फॉरेंसिक में भेजा है और इसका रिपोर्ट आना बाकी है. पहले रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया और फिर डराने और पैसे ऐंठने के लिए अभिनेता को निशाना बनाया गया. अभिनेता को सीधे तौर पर धमकी नहीं दी गई, बल्कि उनके मैनेजर के फोन पर वाइस नोट के जरिए पैसों की डिमांड की गई, जिसके बाद रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ाई गई है. मामले में पूरी जांच और अहम सुराग जुटाने के लिए मुंबई क्राइम ब्रांच ने अभिनेता के मैनेजर का तीन दिनों पहले बयान दर्ज किया और धमकी भेजने में इस्तेमाल हुए वीपीएन नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की गई, जिसकी लोकेशन देश के बाहर की है.
यह भी पढ़ें: कबीर सिंह के बाद शाहिद कपूर दे पाएंगे ब्लॉकबस्टर फिल्म? 7 साल बाद 'ओ रोमियो' से धांसू कमबैक की उम्मीद
आयुष शर्मा का भी बयान दर्ज
लोकेशन का सटीक जानकारी के लिए इंटरपोल की मदद ली जा रही है. इंटरपोल की मदद से ये जानने में आसानी होगी कि मैसेज भेजने वाले की असल लोकेशन क्या है. बता दें कि मुंबई क्राइम ब्रांच ने सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा के मैनेजर का भी बयान दर्ज किया है. मुंबई क्राइम ब्रांच का मानना है कि पहले रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग और बाद में रणवीर सिंह को धमकी मिलना, दोनों की एक- दूसरे से जुड़े हुए हैं. रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह दोनों ही इंडस्ट्री के करीबी माने जाते हैं और दोनों ने साथ में की फिल्मों में काम भी किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं